Meerut में मुठभेड़ के बाद 25 लाख की रंगदारी मांगने वाले तीन बदमाश पकड़े गए

मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला से छीने गए मोबाइल फोन से रंगदारी मांगने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया है। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद मुख्य आरोपी आनंद उर्फ लकड़ू समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से तमंचा, कारतूस, नकदी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
मेरठ जिले के मेडिकल थाना क्षेत्र में पुलिस ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और मोबाइल फोन लूटकर उसका इस्तेमाल धमकी देने में करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तारी से पहले हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली भी चलाई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, एक हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक और सिविल लाइंस की क्षेत्राधिकारी दीक्षा भौरिया ने बुधवार को बताया कि 16 नवंबर को सोमदत्त एन्क्लेव के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक महिला का मोबाइल फोन छीन लिया था और इस मामले में मेडिकल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि बुधवार को रिंग रोड स्थित जागृति विहार एक्सटेंशन पुलिया के पास वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने स्कूटी सवार तीन संदिग्ध लोगों को रुकने का इशारा किया तो वे रुकने के बजाय भागने लगे। भौरिया ने बताया कि पुलिस द्वारा पीछा करने पर उनकी स्कूटी गिर गई, जिसके बाद दो आरोपी फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर तमंचे से गोली चला दी, लेकिन पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सहायक पुलिस अधीक्षक के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान भटीपुरा के निवासी आनंद उर्फ लकड़ू (55) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस ने उसके फरार साथियों दीपांशु (19) और गर्वित (18) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आनंद ने अपने साथियों के साथ भटीपुरा निवासी विकास कुमार गुप्ता से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित के घर धमकी भरा पत्र फेंका था और इस संबंध में किठौर थाने में मामला दर्ज है।
अन्य न्यूज़













