पीडीपी अनुच्छेद-370 की बहाली की मांग को लेकर पांच अगस्त को करेगी शांतिपूर्ण प्रदर्शन: महबूबा मुफ्ती

पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग को लेकर पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर दिए अपने एक बयान को लेकर खेद जताया है। महबूबा ने कहा कि अगर कश्मीर में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा पर उनकी टिप्पणी से कोई आहत हुआ है तो वह माफी मांगती हैं।
श्रीनगर, 28 जुलाई पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी)अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी अनुच्छेद 370 की बहाली और ‘कश्मीर मुद्दे के समाधान’ की मांग को लेकर पांच अगस्त को पूरे जम्मू-कश्मीर में जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह घोषणा पीडीपी के 27वें स्थापना दिवस के मौके पर यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में की। उन्होंने कहा, ‘‘यहां मौजूद हमारे सभी लोग पांच अगस्त को अपने-अपने जिलों में अनुच्छेद 370 और 35ए को बहाल करने और कश्मीर मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेंगे।’’ महबूबा मुफ्ती ने राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर की गयी अपनी टिप्पणियों के लिए भी खेद जताया।
केंद्र शासित प्रदेश में सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस के नेता और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा अन्य लोगों ने पीडीपी अध्यक्ष की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन पर कश्मीरी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग को सही ठहराने का आरोप लगाया था। महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘‘अगर कश्मीर में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा पर मेरे द्वारा की गई टिप्पणी से कोई आहत हुआ है, तो मैं माफी मांगती हूं।’’ पीडीपी अध्यक्ष 23 जुलाई को जंतर-मंतर का दौरा किया और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’(कॉजपा) के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया। दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि कश्मीर में हालात अलग हैं, क्योंकि वहां सुरक्षा बल उग्रवाद से लड़ रहे हैं।
महबूबा मुफ्ती की इन टिप्पणियों पर नेशनल कांफ्रेंस सहित विरोधी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। हालांकि, पीडीपी ने सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस पर आरोप लगाया कि उसने महबूबा के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का इस्तेमाल किया।
अन्य न्यूज़














