दिल्ली में कर्नाटक के सांसदों के साथ बैठक बड़ी सफलता रही: मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने दिल्ली में राज्य के सांसदों के साथ हुई बैठक को बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को हुई बैठक ने साबित कर दिया कि एकता में ही ताकत है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, विपक्ष के नेताओं ने भी इस बैठक के उद्देश्य और मुख्यमंत्री के समावेशी दृष्टिकोण की सराहना की है।
बेंगलुरु, 28 जुलाई कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में राज्य से निर्वाचित सांसदों के साथ अपनी बैठक को ‘बड़ी सफलता’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार को हुई बैठक ने यह साबित कर दिया कि ‘‘एकता में ही ताकत है’’। उन्होंने रेखांकित किया कि कर्नाटक के विकास के लिए अलग-अलग दलों के नेताओं को मिलकर काम करने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि इस बैठक को सभी राजनीतिक दलों के सांसदों से अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली और विपक्ष के नेताओं ने भी इसके उद्देश्य और मुख्यमंत्री के समावेशी दृष्टिकोण की सराहना की। सीएमओ के मुताबिक केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, शोभा करंदलाजे और वी. सोमन्ना, राज्य की मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बसवराज बोम्मई और जगदीश शेट्टार, और राज्यसभा सदस्य सुधा मूर्ति ने कहा कि उन्होंने ‘‘पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में सांसदों को ऐसी बैठक में शामिल होते नहीं देखा’’ और इसे ‘‘अपनी तरह की पहली घटना’’ बताया। बयान के मुताबिक उन्होंने बैठक बुलाने के लिए शिवकुमार की तारीफ की और इस प्रयास को ‘‘प्रशंसनीय’ करार दिया।
सीएमओ ने कहा, ‘‘इस बैठक से एक स्पष्ट संदेश गया कि एकता में ही ताकत है।’’ बयान के मुताबिक, ‘‘नेताओं ने मुख्यमंत्री की उस अपील का समर्थन किया जिसमें कहा गया था कि पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर कर्नाटक के विकास के लिए मिलकर काम करें।’’ बैठक में केंद्रीय मंत्री जोशी, सोमन्ना और करंदलाजे के साथ लोकसभा सदस्य बोम्मई, शेट्टार, पी सी गद्दीगौदर, सागर खंड्रे, डॉ मंजूनाथ, तेजस्वी सूर्या, पी सी मोहन, डॉ सुधाकर, सुनील बोस, प्रियंका जारकीहोली, प्रभा मल्लिकार्जुन, श्रेयस पटेल, यदुवीर वाडियार, बी वाई राघवेंद्र, विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी और कोटा श्रीनिवास पुजारी शामिल हुए। राज्यसभा सदस्य सुधा मूर्ति, जयराम रमेश, अजय माकन, सैयद नासिर हुसैन, नारायण भंडागे, एम नागराज, मंसूर खान और पवन खेड़ा भी बैठक का हिस्सा थे। सीएमओ के मुताबिक केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और एच.डी. कुमारस्वामी, साथ ही राज्यसभा सदस्य मल्लिकार्जुन खरगे, जग्गेश, लहर सिंह और डॉ. वीरेंद्र हेगड़े पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों की वजह से बैठक में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी।
अन्य न्यूज़














