Mizoram Police ने चलाए बड़े अभियान, करोड़ों की तस्करी की सुपारी और खाद बरामद

Mizoram Police ने चलाए बड़े अभियान, करोड़ों की तस्करी की सुपारी और खाद बरामद
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मिजोरम में सुरक्षाबलों ने 12 से 18 अक्टूबर के बीच सघन तलाशी अभियान चलाकर अवैध रूप से ले जाई जा रही वस्तुओं की बड़ी खेप पकड़ी है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में यूरिया, सूखी सुपारी, विदेशी सिगरेट, शराब और 75 लाख रुपये की मेथामफेटामाइन जब्त कर कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मिजोरम पुलिस ने 12 से 18 अक्टूबर के बीच राज्यभर में चलाए गए विभिन्न अभियानों में यूरिया, सूखी सुपारी, विदेशी सिगरेट, शराब और मेथामफेटामाइन की बड़ी खेप जब्त की है, अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, जब्त सामानों की कीमत करोड़ों रुपये है। उन्होंने बताया कि रविवार को आइजोल के सेलिंग में जांच के दौरान पुलिस ने दो ट्रकों को रोककर उनमें से यूरिया के तीन-तीन सौ बोरे बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये है।

जब्त खाद को कार्रवाई के लिए कृषि निदेशालय को सौंप दिया गया। वहीं, पुलिस ने 15 अक्टूबर को ख्वाजॉल जिले में तुइसेनफाई के पास एक ट्रक रोककर उसमें से 170 बोरियां बरामद कीं। इन बोरियों में 13,600 किलोग्राम तस्करी की गई सूखी सुपारी थी।

बयान के अनुसार, बाद में वाहन और जब्त खेप को चम्फाई में सीमा शुल्क निवारक बल को सौंप दिया गया। इसके अलावा, 14 अक्टूबर को सैतुअल जिला पुलिस ने कीफांग में दो ट्रकों से अवैध रूप से ले जाए जा रहे यूरिया के 689 बोरे जब्त किए। एक अन्य अभियान में, कोलासिब जिले के सेरखान में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारत निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) की 140 पेटियां बरामद कीं।

जब्त शराब की कीमत 7.89 लाख रुपये आंकी गई है। बयान के अनुसार, मामले में असम निवासी बेबुल हुसैन और बबलू हुसैन को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ कॉनपुई थाने में मामला दर्ज किया गया है।

मिजोरम में शराबबंदी लागू है। इस बीच, 12 अक्टूबर को खॉजॉल पुलिस और विधिक मापविज्ञान विभाग की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लुंगवार के पास चार वाहनों को रोका। इन वाहनों में 44,800 किलोग्राम सूखी सुपारी लदी थी, जिसकी कीमत करीब 1.12 करोड़ रुपये आंकी गई है।

वाहनों से विदेशी सिगरेट की 71 पेटियां भी बरामद की गईं, जिनकी कीमत 24.85 लाख रुपये बताई गई है। इसी दिन एक अन्य अभियान में बावंगकाउन थाने की पुलिस ने 75 लाख रुपये मूल्य की 950 ग्राम मेथामफेटामाइन जब्त की। मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक म्यांमा की रहने वाली है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़