गांधीवादी व इला गांधी के पति मेवा रामगोबिन का निधन

[email protected] । Oct 19 2016 1:17PM

दक्षिण अफ्रीका में संघर्ष के प्रतीक और महात्मा गांधी की पोती इला गांधी के पति मेवा रामगोबिन का जोहानिसबर्ग में लंबी बीमारी के बाद 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका में संघर्ष के प्रतीक और महात्मा गांधी की पोती इला गांधी के पति मेवा रामगोबिन का यहां लंबी बीमारी के बाद 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। रामगोबिन दक्षिण अफ्रीका में भारतीयों के साथ भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करने वाले संगठन नटाल इंडियन कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने सोमवार को यहां केप टाउन के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके परिवार के एक सदस्य ने बताया कि उन्हें आठ अक्तूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और दो दिन से उनकी सेहत ठीक थी।

रामगोबिन का विवाह महात्मा गांधी की पोती और मानवाधिकार कार्यकर्ता इला गांधी के साथ हुआ था। वर्ष 2009 तक वे अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस के सांसद थे। वह मंडेला को रिहा कराने वाले अभियान के शुरूआती समर्थकों में से एक थे। 1985 में उन पर राजद्रोह का आरोप लगा था। रामगोबिन की मौत से कुछ घंटे पहले ही इला स्वीडन के लिए रवाना हुई थीं। उन्होंने गांधी संग्रहालय और पुस्तकालय की स्थापना की। वह हर साल गांधी आख्यान का आयोजन करते थे और विभिन्न जाति और वर्ग के लोगों को गांधी दर्शन की जानकारी देते थे। आगामी दस नवंबर को वह 84 वर्ष के हो जाते।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़