उत्तर प्रदेश के अमेठी में तालाब में फंसी भैंस को बचाने के प्रयास में मां-बेटे की डूबने से मौत

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के नुवावा गांव में तालाब में फंसी अपनी भैंस को निकालने के दौरान 40 वर्षीय महिला और उनके 19 वर्षीय बेटे की डूबने से मौत हो गई। मां और भाई को बचाने के लिए तालाब में उतरे 14 वर्षीय छोटे बेटे को ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकाल लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमेठी, 29 जुलाई उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में बुधवार शाम तालाब में फंसी अपनी भैंस को निकालने के प्रयास में एक महिला और उसके 19 वर्षीय बेटे की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना अमेठी थाना क्षेत्र के नुवावा गांव स्थित खेम तालाब में हुई।
पुलिस ने बताया कि गीता विश्वकर्मा (40) का बेटा दीपक (19) परिवार की भैंस को चराने के लिए ले गया था। इसी दौरान भैंस गहरे पानी से भरे तालाब में उतर गई। पुलिस के मुताबिक, भैंस को बाहर निकालने के लिए दीपक तालाब में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण वह डूबने लगा।
बेटे को संकट में देखकर गीता भी उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गईं, लेकिन वह भी डूब गईं। पुलिस ने बताया कि परिवार का छोटा बेटा आदर्श (14) भी मां और भाई को बचाने के लिए तालाब में उतरा, लेकिन वह भी डूबने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे समय रहते बाहर निकाल लिया।
अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीणों ने गीता और दीपक को तालाब से बाहर निकालकर अमेठी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी श्रीराम पांडेय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अन्य न्यूज़














