Meerut सड़क accident में मां-बेटी की मौत, 6 साल के मासूम का कटा पैर

मेरठ-बुलंदशहर राजमार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार शरबती और उनकी बेटी कोमल की मौत हो गई। इस हादसे में बाइक चालक लकी और छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मेरठ-बुलंदशहर राजमार्ग पर बिजौली स्थित गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास सोमवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शरबती (65) और उनकी 35 वर्षीय बेटी कोमल के रूप में हुई।
हादसे में मोटरसाइकिल चालक लकी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि छह वर्षीय एक बच्चे का दाहिना पैर घुटने के नीचे से कट गया। घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, शरबती और उनके परिजन मेडिकल कॉलेज में भर्ती उनकी पुत्रवधू को रक्त देने मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खरखौदा थाना प्रभारी समयपाल सिंह अत्री ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य न्यूज़













