Mumbai Airport पर Customs की बड़ी कार्रवाई, 39.8 करोड़ रुपये का सोना और ड्रग्स बरामद

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने कई अभियानों में 39.8 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और सोना पकड़ा है। अधिकारियों ने इस सिलसिले में नौ यात्रियों और तस्कर गिरोह के संदिग्ध सदस्यों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए सामान में 12 किलोग्राम केटामाइन, हाइड्रोपोनिक गांजा और 24 कैरेट सोना शामिल है।
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न अभियानों के दौरान लगभग 39.8 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और सोना जब्त किया है तथा इस सिलसिले में नौ यात्रियों और संदिग्ध गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि सीमाशुल्क तृतीय क्षेत्र की वायु खुफिया इकाई (एआईयू) के अधिकारियों ने 27 नवंबर को एक अभियान के दौरान लगभग 36 करोड़ रुपये की करीब 12 किलोग्राम केटामाइन बरामद की।
इसे सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक में बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक थाई एयरवेज़ की उड़ान टीजी-318 से बैंकॉक जा रहे एक यात्री के पास से इसमें से लगभग पांच किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि पूछताछ में उससे मिली जानकारी के आधार पर एक आवासीय परिसर की तलाशी में सात किलोग्राम केटामाइन और बरामद हुई तथा कथित तौर पर मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के दो अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों ने कहा कि तीनों आरोपियों को स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार दो अन्य मामलों में एआईयू अधिकारियों ने 27 और 28 नवंबर को बैंकॉक से पहुंचे दो यात्रियों के पास से लगभग 2.27 करोड़ रुपये मूल्य का करीब 6.5 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा जब्त किया तथा दोनों को एनडपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों का कहना है कि एक अलग अभियान में, सीमा शुल्क अधिकारियों ने इसी दौरान मुंबई पहुंचे पांच यात्रियों के पास से छिपाकर रखा गया 1,443 ग्राम 24-कैरेट सोना ज़ब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 1.57 करोड़ रुपये है।
सूत्रों के अनुसार सोने की इस ज़ब्ती के सिलसिले में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत चार यात्रियों को गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि सभी मामलों में जांच चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ज़ब्त किए गए सामानों की कुल कीमत लगभग 39.8 करोड़ रुपये है।
अन्य न्यूज़













