शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मुंबई के बुजुर्ग से 5.10 करोड़ की ठगी, दो आरोपी अरेस्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के 87 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी से साइबर जालसाजों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर 5.10 करोड़ रुपये ठग लिए। मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने मुख्य गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में अंधेरी से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। अदालत ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

मुंबई, सात अक्टूबर शेयर बाजार में निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के 87 वर्षीय एक सेवानिवृत्त अधिकारी से 5.10 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते मुहैया कराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान अशरफ आलम इमरान करमतअली और उसके साथी के रूप में हुई है, जिन्हें साइबर सेल (उत्तर क्षेत्रीय मंडल) के अधिकारियों ने उपनगरीय अंधेरी इलाके से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि मालाड निवासी शिकायतकर्ता को जुलाई में एक महिला का फोन आया था, जिसने उन्हें एक निजी कंपनी के नाम वाले व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। इस ग्रुप पर नियमित रूप से शेयर संबंधी सुझाव और बाजार की जानकारियां साझा की जाती थीं। आकर्षक मुनाफे के लालच में आकर बुजुर्ग ने बताए गए बैंक खातों में 5.10 करोड़ रुपये अंतरित कर दिए।

ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल और उत्तर क्षेत्रीय मंडल साइबर सेल में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एक अधिकारी ने बताया कि पैसों के लेन-देन के तकनीकी विश्लेषण के दौरान जांचकर्ताओं ने ठगी गई राशि के एक हिस्से का सुराग अंधेरी स्थित मोहम्मद अशरफ के खाते में पाया।

पूछताछ में पता चला कि अशरफ और उसके साथी ने मुख्य गिरोह को अपने बैंक खातों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी और अपराध से अर्जित धन को मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंचाने में मदद की। एक स्थानीय अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़