Muzaffarpur में घर से 435 किलो Smack बरामद, भाई-बहन को पुलिस ने किया अरेस्ट

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है। मौके से 2.10 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल फोन मिलने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों के अनुसार यह स्मैक 2,015 पैकेट में छिपाकर बेची जा रही थी।
मुजफ्फरपुर, दो अक्टूबर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने एक घर से कथित तौर पर 435 किलोग्राम स्मैक, 2.10 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद कर एक भाई और उसकी बहन को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, जब्त मादक पदार्थ 2,015 पैकेट में रखा था और गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर गांव स्थित एक घर से इसकी कथित तौर पर बिक्री की जा रही थी।
मुजफ्फरपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर ने कहा, ‘‘पुलिस को बृहस्पतिवार को सूचना मिली थी कि शिव शंकर कुमार और उसकी बहन अपने घर से कथित तौर पर स्मैक बेच रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने परिसर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से मादक पदार्थ, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।’’ उन्होंने बताया कि दोनों भाई-बहन को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे अपने घर में स्मैक रखते और उसकी बिक्री करते थे।
प्रभाकर ने कहा, ‘‘गायघाट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार भाई-बहन के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।’’ अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के परिवार के सदस्यों के मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल रहने का पुराना इतिहास है।
प्रभाकर ने बताया कि पुलिस अब मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े इस कथित नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों और बरामद स्मैक के स्रोत का पता लगाया जा सके।
अन्य न्यूज़















