हैदराबाद में Nagarjuna Akkineni ने G Kishan Reddy की नशा विरोधी पदयात्रा में लिया हिस्सा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी के नेतृत्व में निकाली गई नशा विरोधी पदयात्रा के तीसरे दिन अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी शामिल हुए। उन्होंने छात्रों को नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई और इस सरकारी पहल का समर्थन करने का आह्वान किया।

जाने माने अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी ने शुक्रवार को केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित पदयात्रा में भाग लिया। रेड्डी ने नशामुक्त भारत के लिए काम करने की शपथ भी दिलाई। नागार्जुन ने अमीरपेट में आयोजित पदयात्रा के तीसरे और अंतिम दिन अभिनेता साई कुमार, शिव रेड्डी और निर्देशक बोयापति श्रीनिवास समेत अन्य फिल्मी हस्तियों के साथ इसमें हिस्सा लिया।

इस अवसर पर नागार्जुन ने, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को नशामुक्त बनाने के संकल्प के तहत किशन रेड्डी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान का समर्थन करने का आग्रह किया। नागार्जुन ने छात्रों से भरी जनसभा को संबोधित करते हुए शपथ पढ़ी, जिसमें कहा गया था, ‘‘नशा से दूर रहने के अलावा मैं अपने परिवार, मित्रों और आसपास के समाज को भी नशे की चपेट में आने से बचाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।’’ अपनी दमदार आवाज के लिए मशहूर साई कुमार ने ‘नशा मुक्त भारत-हम यह करके दिखाएंगे’ जैसे नारे लगाए।

इससे पहले, किशन रेड्डी ने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें शुक्रवार को दिल्ली में होने वाली ‘‘मंत्रिमंडल की आपात बैठक’’ की वजह से पदयात्रा बाधित नहीं करने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि पदयात्रा को समाज के विभिन्न वर्गों से जबरदस्त समर्थन मिला है और मेगास्टार चिरंजीवी और ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के संस्थापक श्री श्री रविशंकर पदयात्रा के समापन समारोह में शामिल होंगे। ‘‘हैदराबाद वॉक्स फॉर नशा मुक्त भारत’’ नाम से शुरू हुई यह पदयात्रा 25 नवंबर को अंबरपेट से शुरू हुई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़