Nana Patekar का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, Pune फार्महाउस में दी जाएगी विदाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सिनेमा और रंगमंच के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का पार्थिव शरीर पुणे स्थित उनके फार्महाउस लाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। महाराष्ट्र सरकार ने मराठी और हिंदी सिनेमा में उनके अभूतपूर्व योगदान को देखते हुए यह सम्मान देने का निर्णय लिया है। नाम फाउंडेशन के अनुसार अंतिम दर्शन के बाद डोनजे परिसर में अंतिम विदाई दी जाएगी।

पुणे, आठ अक्टूबर दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित उनके फार्महाउस में किया जाएगा। उनके सामाजिक संगठन के एक प्रतिनिधि ने यह जानकारी दी। इससे पहले, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि रंगमंच और सिनेमा के क्षेत्र में दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के योगदान को देखते हुए उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

शेलार ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस सरकार ने मराठी रंगमंच तथा मराठी और हिंदी सिनेमा के क्षेत्र में पाटेकर के अतुलनीय योगदान को देखते हुए यह फैसला लिया है। पाटेकर (76) का बृहस्पतिवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। जल संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले पाटेकर के ‘नाम फाउंडेशन’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गणेश थोराट ने कहा, ‘‘पार्थिव शरीर शाम करीब पांच बजे (पुणे) लाया जाएगा और उसके बाद अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

अंतिम संस्कार उनके फार्महाउस परिसर में किया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। पाटेकर का फार्महाउस पुणे शहर के बाहरी इलाके डोणजे में स्थित है। अभिनेता का जन्म महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुड-जंजीरा में एक मराठी परिवार में हुआ था।

उनका मूल नाम विश्वनाथ पाटेकर था। उनके परिवार में पत्नी और पुत्र मल्हार हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़