नवी मुंबई में ACB का एक्शन: माथाड़ी बोर्ड इंस्पेक्टर और गार्ड 43 हजार घूस लेते अरेस्ट

नवी मुंबई में ACB का एक्शन: माथाड़ी बोर्ड इंस्पेक्टर और गार्ड 43 हजार घूस लेते अरेस्ट
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने नवी मुंबई के एपीएमसी परिसर स्थित माथाड़ी बोर्ड कार्यालय में जाल बिछाकर एक निरीक्षक और सुरक्षाकर्मी को 43 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। एक ऑटो-रिक्शा चालक से श्रमिक पंजीकरण रसीद देने के बदले यह रकम मांगी गई थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ठाणे, छह अक्टूबर भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने नवी मुंबई स्थित किराना बाजार व दुकान बोर्ड (माथाडी बोर्ड) में तैनात एक निरीक्षक और एक सुरक्षाकर्मी को श्रमिक पंजीकरण रसीद जारी करने के बदले 43,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एसीबी के अनुसार, 35 वर्षीय शिकायतकर्ता पेशे से ऑटो-रिक्शा चालक है।

उसने बोर्ड से हट चुके अपने एक परिचित के स्थान पर माथाडी श्रमिक के रूप में नियुक्ति के लिए 29 अगस्त को आवेदन किया था। शिकायतकर्ता के नाम पर आधिकारिक माथाडी श्रमिक पंजीकरण रसीद जारी करने के बदले एक निजी सुरक्षाकर्मी ने अपने लिए 5,000 रुपये और बोर्ड के एक निरीक्षक के लिए 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में बातचीत के बाद यह रकम घटाकर 43,000 रुपये तय की गई।

ऑटो-रिक्शा चालक ने सोमवार को एसीबी की नवी मुंबई इकाई में इसकी शिकायत दर्ज कराई। भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने बताया कि सोमवार शाम तुर्भे स्थित कृषि मंडी समिति (एपीएमसी) परिसर में बोर्ड के कार्यालय में जाल बिछाया गया। इस दौरान दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

एसीबी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़