जम्मू कश्मीर में राजनीतिक हल निकालने की जरूरत: एंटनी
एंटनी ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल तत्काल कश्मीर घाटी भेजने की मांग करते हुए आज कहा कि हल निकालने के लिए यदि तत्काल कदम नहीं उठाये गए तो कश्मीर में स्थिति ‘‘विस्फोटक’’ हो जाएगी।
तिरूवनंतपुरम। पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल तत्काल कश्मीर घाटी भेजने की मांग करते हुए आज कहा कि हल निकालने के लिए यदि तत्काल कदम नहीं उठाये गए तो कश्मीर में स्थिति ‘‘विस्फोटक’’ हो जाएगी। एंटनी ने दो वर्ष पहले कश्मीर का दौरा करने वाले केरल के पत्रकारों के एक समूह की एक पुस्तक का विमोचन करते हुए कहा, ‘‘हल निकालने के लिए यदि तत्काल कदम नहीं उठाये गए तो कश्मीर घाटी में स्थिति विस्फोटक हो जाएगी और हाथ से बाहर हो जाएगी।’’
कांग्रेस नेता एंटनी ने कहा, ‘‘कश्मीर अब एक ज्वालामुखी है। लोगों, विशेष तौर पर युवाओं के मन में अविश्वास, भय और क्रोध है। केंद्र को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए नहीं तो स्थिति बेहद बिगड़ सकती है। कश्मीर में चीजें नियंत्रण से बाहर हो जाएंगी।’’ उन्होंने कहा कि घाटी में एक राजनीतिक हल निकालने के लिए राज्य के सभी हितधारकों के साथ बातचीत के लिए तत्काल कदम उठाये जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोगों का दिल और विश्वास जीतने के लिए प्रयास किये जाने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘यह एक मुश्किल कार्य है लेकिन हमें वह करना होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें युवाओं का विश्वास फिर से हासिल करना चाहिए जो केवल बातचीत के जरिये ही हासिल किया जा सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यदि पारंपरिक रास्ते अनुकूल नहीं तो अन्य रास्ते अपनाये जाने चाहिए और एक मानवीय रूख अपनाना चाहिए।’’
एंटनी ने कहा, ‘‘ऐसे कुछ प्रयास तब किये गए थे जब संप्रग सत्ता में था। यद्यपि वह आगे नहीं बढ़ पाये।’’ उन्होंने कहा, ‘‘घाटी में आतंकवादियों और लोगों से एक जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने घाटी की स्थिति का उल्लेख किया जहां गत 45 दिनों से कर्फ्यू है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में ऐसा पहली बार है जब कश्मीर में इतने लंबे समय तक कर्फ्यू जारी है। सरकार शुरूआती चरणों में मुद्दे की गंभीरता को समझने में असफल रही। यद्यपि वे अब स्थिति की गंभीरता समझे हैं। किसी को भी ऐसे बयान नहीं देने चाहिए जिससे कश्मीर में माहौल खराब हो। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने कश्मीर को भारत के हिस्सा के तौर पर स्वीकार नहीं किया है और यह घाटी में समस्याओं का मूल कारण है। उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान सरकार और सेना इस तथ्य से समझौता करने में असफल है कि जम्मू कश्मीर भारत का हिस्सा है..वर्तमान समस्याओं में पाकिस्तान की एक अहम भूमिका है।’’
उन्होंने कहा कि आतंकवादी पाकिस्तानी सेना की मदद से कश्मीर में घुसपैठ करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ मामलों में पाकिस्तानी सेना द्वारा प्रशिक्षित आतंकवादी भी भारत आते हैं।’’ कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि एक राजनीतिक हल समस्याओं को सुलझाने का एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कहा कि केंद्र को तत्काल एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कश्मीर भेजना चाहिए।
अन्य न्यूज़