Noida Metro में बना नया कीर्तिमान, 23 अक्टूबर को 1.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की एक्वा लाइन पर 23 अक्टूबर को 1.05 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर कर नया रिकॉर्ड बनाया। विभिन्न यात्री सुविधाओं के चलते दैनिक औसतन सवारियों में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन एक नवंबर से व्यस्त समय में ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।

नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) में 23 अक्टूबर को एक दिन में रिकॉर्ड 1.05 लाख यात्रियों ने सफर किया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। एनएमआरसी के अनुसार, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के बाद मेट्रो में औसत दैनिक यात्रियों की संख्या में 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

नोएडा मेट्रो ने एक बयान में बताया कि यात्रियों के सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग, ‘नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ (एनसीएमसी) और फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के माध्यम से बेहतर संपर्क जैसी कई पहल की गई हैं। यात्री की बढ़ती संख्या को देखते हुए नोएडा मेट्रो ने एक नवंबर से व्यस्त समय के दौरान ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की योजना बनाई है। मेट्रो ने बताया कि इस योजना के तहत दो ट्रेनों के बीच का अंतराल सात मिनट 30 सेकंड से घटाकर छह मिनट 35 सेकंड किया जाएगा।

नोएडा मेट्रो देर रात तक मेट्रो सेवा के संचालन की अवधि बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। इसके तहत नोएडा के सेक्टर-51 से डिपो स्टेशन की ओर जाने वाली आखिरी ट्रेन रात 11 बजकर 25 मिनट पर रवाना होगी। एनएमआरसी ने कहा कि यह प्रस्ताव व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने और परिचालन संबंधी व्यवहार्यता पर निर्भर है।

नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन के बीच एक्वा लाइन का संचालन करता है। नोएडा सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन स्काईवॉक के जरिए दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के सेक्टर-52 स्टेशन से जुड़ा हुआ है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़