उत्तर दिनाजपुर में बच्ची से दुष्कर्म और मर्डर का आरोपी Dilip Roy पुलिस मुठभेड़ में ढेर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोपी दिलीप रॉय को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। रायगंज के एक गांव में छापेमारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।

कोलकाता, नौ नवंबर पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या का आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी दिलीप रॉय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रविवार देर रात रायगंज के एक गांव में छापेमारी करने पहुंची थी।

इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जिसमें रॉय घायल हो गया। उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पीड़िता का शव सड़ी-गली हालत में शुक्रवार को कुलिक नदी के पास एक जंगल से बरामद होने के बाद से पुलिस पिछले चार दिन से रॉय की तलाश कर रही थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गौरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी की।

आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली कथित तौर पर पुलिस वाहन के टायर में लगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रॉय बिहार सीमा के रास्ते राज्य से फरार होने की कोशिश कर रहा था। परिजनों के अनुसार, 12 वर्षीय लड़की तीन नवंबर को दोपहर में साइकिल से घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी।

उसका शव दो दिन बाद बरामद किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया था कि लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई। पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद रायगंज की घटना पुलिस मुठभेड़ का चौथा मामला है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़