27 November History: फिलिप ह्यूज की मौत से लेकर नोबेल वसीयत तक का ऐतिहासिक सफर

27 November History: फिलिप ह्यूज की मौत से लेकर नोबेल वसीयत तक का ऐतिहासिक सफर
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वर्ष 2014 में आज ही के दिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज फिलिप ह्यूज का मैच के दौरान बाउंसर लगने से दुखद निधन हो गया था। इसके अलावा 1895 में अल्फ्रेड नोबेल ने अपनी वसीयत पर हस्ताक्षर किए, जिससे नोबेल पुरस्कारों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। इतिहास में आज का दिन ब्रूस ली और हरिवंश राय बच्चन के जन्म से भी जुड़ा है।

क्रिकेट के खेल में बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हर दिन बनने वाले रिकॉर्ड की चर्चा तो बहुत होती है, लेकिन कभी-कभी ऐसा कुछ हो जाता है, जो इतिहास में अलग तरह से दर्ज होता है। वर्ष 2014 में 27 नवंबर को भी एक ऐसी ही घटना हुई, जब ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज फिलिप ह्यूज का एक मैच के दौरान सिर में बाउंसर लगने से निधन हो गया। हालांकि, यह इस तरह की पहली घटना नहीं है।

इससे पहले भी विभिन्न देशों के खिलाड़ी बल्लेबाजी के दौरान अथवा क्षेत्ररक्षण के दौरान गेंद लगने से अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें भारत के बल्लेबाज रमन लांबा शामिल हैं। चार टेस्ट मैच और 32 एकदिवसीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले रमन लांबा की 1998 में ढाका में एक क्लब मैच में क्षेत्ररक्षण के दौरान सिर पर गेंद लगने से मौत हो गई थी।

देश-दुनिया के इतिहास में 27 नवंबर की तारीख में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1795 : एक बांग्ला नाटक का कलकत्ता के एजरा स्ट्रीट में स्टेज पर पहली बार सार्वजनिक मंचन किया गया। 1895 : स्वीडन के केमिस्ट, इंजीनियर और उद्योगपति अल्फ्रेड बर्नाड नोबेल ने अपनी वसीयत पर हस्ताक्षर किए, जिसके आधार पर नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की गई और 1901 में पहली बार नोबेल पुरस्कार प्रदान किए गए। अल्फ्रेड नोबेल ने डायनामाइट और कई अन्य शक्तिशाली विस्फोटकों की खोज की थी।

1907 : प्रसिद्ध कवि और लेखक हरिवंश राय बच्चन का जन्म। आज की पीढ़ी उन्हें भले अमिताभ बच्चन के पिता के तौर पर जानती हो, लेकिन हिंदी साहित्य में उनका योगदान सदैव सराहा जाता रहेगा। 1940 : ब्रूस ली का जन्म।

सैन फ्रांसिस्को में जन्मे और हांगकांग में पले बढ़े ब्रूस को मार्शल आर्ट में महारत हासिल थी और उन्होंने 70 के दशक में मार्शल आर्ट पर आधारित बहुत सी फिल्मों में काम किया और इस कला का दुनियाभर में प्रसार किया। 1944 : इंग्लैंड के स्टैनफोर्डशायर स्थित आरएएफ फॉल्ड आयुध भंडार में भारी विस्फोट हुआ जिसमें लगभग 70 लोगों की मौत हुई। इसे ब्रिटेन के सबसे बड़े गैर-परमाणु विस्फोटों में गिना जाता है।

1971 : सोवियत संघ का मंगल-2 यान मंगल ग्रह की सतह पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह मंगल की सतह तक पहुंचने वाली पहली मानव निर्मित वस्तु थी। इसे 19 मई 1971 को प्रोटॉन-के/ब्लॉक डी रॉकेट से प्रक्षेपित किया गया था।

1975 : बीबीसी के कार्यक्रम प्रस्तुतकर्ता रोस मैक्वर्स्टर की गोली मारकर हत्या। उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के सह संस्थापक के तौर पर भी जाना जाता है। 1983 : कोलंबिया की एवियांका एयरलाइंस का बोइंग 747 विमान स्पेन में मैड्रिड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे में 181 लोगों की मौत हुई। 1989 : कोलंबिया में बोगोटा से काली जा रहे एवियांका एयरलाइंस के बोइंग 727 विमान में विस्फोट हुआ। विमान में सवार सभी 107 लोगों की मौत हो गई।

जमीन पर भी तीन लोगों की जान गई। 2001 : हब्बल टेलीस्कोप ने सौर मंडल से बाहर ओसाइरस ग्रह पर हाइड्रोजन युक्त वायुमंडल की खोज की। सौरमंडल से बाहर ऐसा वायुमंडल वाला यह पहला ग्रह है।

2005 : फ्रांस में इजाबेल दिनोरे नामक महिला का दुनिया में पहली बार सफल आंशिक चेहरा प्रतिरोपण हुआ। इसी दिन चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत की डोंगफेंग कोयला खदान में विस्फोट हुआ जिसमें 171 खनिकों की मौत हो गई। 2009 : रूस में मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रही नेवस्की एक्सप्रेस ट्रेन में बम विस्फोट हुआ और ट्रेन पटरी से उतर गई।

इस हमले में 28 लोगों की मौत हुई और 96 लोग घायल हुए। 2014 : आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज की बाउंसर लगने से मौत। 2019 : पृथ्वी की बेहद साफ तस्वीर लेने वाले भारत के ‘कार्टोसैट-3’ उपग्रह का सफल प्रक्षेपण।

2022 : दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले का पुणे में 77 वर्ष की आयु में निधन। 2023 : दक्षिण अफ्रीका के रस्टेनबर्ग स्थित इम्पाला प्लैटिनम की खदान में शिफ्ट खत्म होने के बाद श्रमिकों को ले जा रही लिफ्ट अचानक लगभग 200 मीटर नीचे गिर गई, जिससे 11 श्रमिकों की मौत हो गई और 75 अन्य घायल हुए। 2025 : हांगकांग के ताई पो जिले के वांग फुक कोर्ट आवासीय परिसर में 26 नवंबर 2025 को लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 94 हुई।

76 लोग घायल हुए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़