Demonetisation से नक्सलवाद और आतंकवाद की कमर टूटी: BJP

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ओडिशा भाजपा ने दावा किया कि नोटबंदी के फैसले से चरमपंथियों तक नकदी का प्रवाह रुका और अर्थव्यवस्था मजबूत हुई। पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि माओवादियों से लाखों रुपये जब्त हुए और जाली नोटों के मामलों में भी भारी कमी दर्ज की गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 10 साल पहले की गई नोटबंदी से आतंकवाद और नक्सलवाद पर अंकुश लगाने में मदद मिली तथा अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। पार्टी ने कहा कि नोटबंदी के योगदान को उचित मान्यता दी जानी चाहिए। भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता सत्यव्रत पांडा ने नोटबंदी के 10 साल पूरे होने के अवसर पर सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आठ नवंबर 2016 को 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोट बंद करने के फैसले से चरमपंथियों तक नकदी पहुंचने का रास्ता बाधित हुआ और जाली नोट बेकार हो गए।

उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी के बाद विभिन्न माओवादी समूहों से करीब 97.75 लाख रुपये जब्त किए गए। उन्होंने साथ ही कहा कि ओडिशा में माओवादियों द्वारा जमीन में दबाकर रखी गई अमान्य मुद्रा भी बड़ी मात्रा में मिली। उन्होंने कहा कि पहले नक्सली राज्य में जिला अधिकारियों और विधायकों का अपहरण करने की हिम्मत करते थे, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है।

पांडा ने कहा कि देश में नक्सली हिंसा की घटनाएं 2010 में 1,936 थीं और अब कोई भी जिला माओवाद प्रभावित क्षेत्रों की सूची में नहीं है। उन्होंने इसका श्रेय सुरक्षा अभियानों, खुफिया समन्वय, सड़क एवं संपर्क सुविधाओं के विकास, पुनर्वास, गरीबी उन्मूलन और नोटबंदी को दिया। उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमलों एवं हिंसक घटनाओं की संख्या 2018 के 228 से घटकर 2025 में 12 रह गई।

वहीं, भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बैंकिंग प्रणाली में पकड़े गए जाली नोटों की संख्या 2016-17 के 7,62,072 से घटकर 2025-26 में 2,29,746 रह गई। पांडा ने कहा कि र्ष 2017-18 में शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 18 प्रतिशत और आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या 25 प्रतिशत बढ़ी। नए करदाताओं की संख्या भी 85.51 लाख से बढ़कर करीब 1.07 करोड़ हो गई।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद बैंक जमा की जांच से कर अनुपालन बेहतर हुआ और कुछ खातों में 1.6 से 1.7 लाख करोड़ रुपये की असामान्य नकदी जमा का पता चला।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़