ठेकेदार के 1.37 करोड़ रुपये न चुकाने पर Kendrapara में सरकारी दफ्तर कुर्क

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक अदालत के निर्देश पर शुक्रवार को ग्रामीण विकास विभाग के डिवीजन-दो कार्यालय की संपत्ति जब्त कर ली गई। यह कार्रवाई 2003 में बने दो चक्रवात आश्रय स्थलों के बकाया भुगतान से जुड़े मामले में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक बकाये की वसूली के लिए जरूरत पड़ने पर इन चल संपत्तियों की नीलामी की जाएगी।

ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले की एक अदालत ने ठेकेदार के 1.37 करोड़ रुपये के बकाये का भुगतान नहीं किए जाने पर यहां ग्रामीण विकास विभाग के डिवीजन-दो कार्यालय की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है। एक विशेष टीम ने शुक्रवार को दीवानी मामलों के न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) एवं वाणिज्यिक अदालत के आदेश के बाद केंद्रपाड़ा शहर के बाहरी इलाके में स्थित श्यामागुड़िया में विभाग के कार्यालय की संपत्ति कुर्क की। कार्यालय की दीवार पर बृहस्पतिवार को कुर्की का नोटिस चिपकाया गया था।

ठेकेदार के वकील की मौजूदगी में चल संपत्तियों की सूची भी तैयार की गई। यह मामला कुजंग के संधापुर गांव के ठेकेदार रमेश चंद्र सामंतराय के बकाया भुगतान से जुड़ा है। उन्होंने 2003 में राजनगर प्रखंड के तालचुआ और दलेईसाही में 1.07 करोड़ रुपये की लागत से दो चक्रवात आश्रय स्थल बनाए थे।

विभाग द्वारा बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर सामंतराय ने अदालत का रुख किया था। इसके बाद अदालत ने विभाग को ब्याज सहित बकाया राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया था। मामले की सुनवाई के दौरान सामंतराय का निधन हो गया, जिसके बाद उनकी पत्नी और कानूनी वारिसों को याचिकाकर्ता बनाया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि कुर्क की गई संपत्तियों का मूल्यांकन किया जाएगा और बकाया राशि की वसूली के लिए जरूरत पड़ने पर उनकी नीलामी की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़