Odisha Lightning हादसे में सुंदरगढ़ और मयूरभंज में 3 मौतें, 5 लोग घायल

ओडिशा के सुंदरगढ़ और मयूरभंज जिलों में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक इन हादसों में पांच अन्य ग्रामीण झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग ने 11 से 15 अगस्त तक राज्यभर में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अनुमान जताया है।
ओडिशा के सुंदरगढ़ और मयूरभंज जिलों में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में दो महिलाओं सहित कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं में पांच अन्य लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सुंदरगढ़ के तलसरा थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि मयूरभंज के रासगोविंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतकों की पहचान चंपा तिर्की, सुशीला तिर्की और शिवशंकर मुर्मू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तलसरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बालिशंकरा में दोपहर करीब डेढ़ बजे बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की घटना में तीन लोग घायल हो गए।
वहीं मयूरभंज में बिजली गिरने से दो अन्य लोग घायल हो गए, जिनकी पहचान सुपाई हांसदा (24) और बीजू टुडू (25) के रूप में हुई है। सभी घायल अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 11 से 15 अगस्त तक पूरे राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान जताया है।
अन्य न्यूज़













