दक्षिण दिल्ली के पुल प्रहलादपुर में अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में एक युवक की मौत और एक घायल

दक्षिण दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में 28 वर्षीय मोहम्मद इरशाद की मौत हो गई और उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
नयी दिल्ली, 28 जुलाई दक्षिण दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में 28 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका एक साथी घायल हो गया। यह जानकारी मंगलवार को एक अधिकारी ने दी। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के संबंध में देर रात 12 बजकर 41 मिनट पर पुल प्रहलादपुर थाने को सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया।
अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद इरशाद उर्फ गुड्डू (28) के तौर पर हुई है, जिसे कई गोलियां लगीं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में इरशाद के साथी 27 वर्षीय मोहम्मद फारुक के हाथ में गोली लगी, जिसे एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया और उपचार के बाद उसे छुट्टी दे गई।
अपराध टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया तथा सबूत एकत्र किए। पुलिस ने मौके से कारतूस के 10 खोखे और दो कारतूस बरामद किए, जिन्हें जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं।
जांचकर्ता आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं, जबकि आरोपियों का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी और जांच के अन्य तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे का मकसद अब तक पता नहीं चल सका है और जांचकर्ता व्यक्तिगत दुश्मनी तथा आपराधिक संबंधों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
अन्य न्यूज़














