जिम्मेदारियों को निभाने वाला व्यक्ति ही राष्ट्रपति भवन में जाए: नामांकन दाखिल करने के बाद बोले यशवंत सिन्हा

Yashwant Sinha
प्रतिरूप फोटो
ANI Image

विपक्ष की तरफ से संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा कि ये बहुत महत्वपूर्ण है कि राष्ट्रपति भवन में वैसा ही व्यक्ति जाए जो इन ज़िम्मेदारियों को निभा सके। अगर कोई ऐसा व्यक्ति जाता है जो सरकार के कब्जे में है। उसकी हिम्मत ही नहीं होगी कि वो सलाह भी दे।

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष की तरफ से संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, द्रमुक नेता ए राजा, नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला और कई अन्य विपक्षी नेता मौजूद रहे। 

इसे भी पढ़ें: President Election 2022: यशवंत सिन्हा ने राष्ट्रपति पद के लिए किया नामांकन, राहुल-पवार समेत ये नेता रहे मौजूद 

यशवंत सिन्हा ने 18 जुलाई को होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन के चार सेट राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी को सौंपे। आपको बता दें कि यशवंत सिन्हा का सीधा मुकाबला एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के साथ होने वाला है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, विपक्ष की तरफ से संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा कि ये बहुत महत्वपूर्ण है कि राष्ट्रपति भवन में वैसा ही व्यक्ति जाए जो इन ज़िम्मेदारियों को निभा सके। अगर कोई ऐसा व्यक्ति जाता है जो सरकार के कब्जे में है। उसकी हिम्मत ही नहीं होगी कि वो सलाह भी दे। फिर इस पद का कोई फायदा नहीं बचेगा।  

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रपति चुनाव: NDA का हिस्सा नहीं होने के बावजूद भी इन दलों ने द्रौपदी मुर्मू का किया है समर्थक 

यशवंत सिन्हा को मिला TRS का समर्थन

तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस ने यशवंत सिन्हा का समर्थन करने का ऐलान किया है। यशवंत सिन्हा के नामांकन दाखिल करते समय भी टीआरएस के नेता टी रामाराव पार्टी सांसदों के साथ वहां पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के बेटे रामा राव ने ट्वीट किया था कि टीआरएस के अध्यक्ष श्री केसीआर गारू ने भारत के राष्ट्रपति पद के चुनाव में यशवंत सिन्हा की उम्मीदवारी का समर्थन करने का फैसला किया है। उन्होंने लिखा कि मैं आज नामांकन में अपनी पार्टी के सांसदों के साथ टीआरएस का प्रतिनिधित्व करूंगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़