हमारी सरकार सेवा करने से पहले लोगों का धर्म नहीं देखती: प्रधानमंत्री मोदी

PM Modi

द्रमुक और अन्नाद्रमुक, दोनों ही सरकारों को पूर्व में कांग्रेस द्वारा बर्खास्त किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी गठबंधन में कांग्रेस का होना एक ऐसे अहंकारी सहयोगी की तरह है, जो स्थानीय संवेदनाओं को नहीं समझता है।

कन्याकुमारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह ऐसी अहंकारी पार्टी है जो स्थानीय संवेदनाओं को नहीं समझती। प्रधानमंत्री ने साथ ही यह भी दावा किया कि उनकी सरकार लोगों की सेवा करने के मामले में जाति या धर्म नहीं देखती है। मोदी ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी में चुनावी रैली में कहा कि द्रमुक में हालात ऐसे थे कि पार्टी के सरंक्षक दिवंगत एम करुणानिधि के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने वाले वरिष्ठ नेता पार्टी के नए शहजादे (द्रमुक युवा शाखा के सचिव उदयनिधि स्टालिन) के चलते घुटन महसूस कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा, राजनीति इस तरह नहीं होती। आज देश का मिजाज स्पष्ट तौर पर भाई-भतीजावाद और अधिकारवाद की राजनीति के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष लोगों को लोकतंत्र-विरोधी कहना पसंद करता है लेकिन उन्हें स्वयं आईना देखना चाहिए। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कई बार अनुच्छेद 356 लगाया है। द्रमुक और अन्नाद्रमुक, दोनों ही सरकारों को पूर्व में कांग्रेस द्वारा बर्खास्त किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी गठबंधन में कांग्रेस का होना एक ऐसे अहंकारी सहयोगी की तरह है, जो स्थानीय संवेदनाओं को नहीं समझता है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी विचारधारा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है और इस मंत्र के मूल में सभी के प्रति करुणा की भावना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार लोगों की सेवा करने से पहले उनकी जाति, पंथ या धर्म नहीं देखती है। हमारी सरकार सभी के लिए है।’’ कन्याकुमारी लोकसभा सीट पर उप चुनाव छह अप्रैल को होना हैं।

केरल में प्रधानमंत्री मोदी ने एलडीएफ, यूडीएफ के ‘सात घातक पाप’ का जिक्र किया

गुड फ्राइडे के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में बाइबल का हवाला देते हुए सत्तारूढ़ माकपा नीत एलडीएफ और कांग्रेस नीत यूडीएफ को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि दोनों मोर्चा ने सत्ता के लिए लालच एवं लिप्सा सहित ‘सात घातक पाप’ किए हैं। मोदी ने शुक्रवार को यहां एक चुनावी रैली में दोनों मोर्चा पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘आप सभी ने सात घातक पाप के बारे में सुना होगा। यूडीएफ और एलडीएफ ने केरल में सात घातक पाप किए हैं।’’ दोनों मोर्चा ने बारी-बारी से राज्य में कई वर्षों तक शासन किया है। उन्होंने सोना, डॉलर और सौर मामलों का हवाला देते हुए कहा, ‘‘पहला पाप है घमंड। यूडीएफ और एलडीएफ को लगता है कि उन्हें कभी हराया नहीं जा सकता है। इससे उनके नेता काफी घमंडी हो गए हैं और अपनी जड़ों से कट गए हैं, जबकि उनका दूसरा पाप धन की लालच है।’’ इन मामलों से दोनों मोर्चा की छवि खराब हुई है। मोदी ने दावा किया कि दोनों मोर्चा ईर्ष्यालु हैं और गलत काम करने के लिए उनके बीच होड़ मची हुई है। प्रधानमंत्री ने यहां एक स्टेडियम में आयोजित रैली में कहा, ‘‘उनके बीच भ्रष्टाचार की प्रतियोगिता है। अगर एक मोर्चा दूसरे से ज्यादा पैसा बनाता है तो उन्हें ईर्ष्या होती है।’’ उन्होंने आरोपलगाया कि सत्ता की लालच के कारण दोनों मोर्चा ने समाज के सांप्रदायिक, आपराधिक और दमनकारी तत्वों के साथ गठबंधन किया है। उन्होंने कहा, ‘‘तीन तलाक पर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का रूख क्या था? पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की सामाजिकनीतियां क्या हैं? क्या उनकी पीछे की ओर धकेलने वाली राजनीतिका समर्थन किया जा सकता है? नहीं।’’ मोदी ने कहा कि दोनों मोर्चा वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा दे रहेहैं और बाकी मुद्दे गौण हैं।

द्रमुक और कांग्रेस के नेता महिलाओं का अपमान करते रहते हैं: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को द्रमुक और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके नेता ‘‘महिलाओं का अपमान करते रहते हैं। ’’ साथ ही उन्होंने रेखांकित किया कि राजग की योजनाओं का लक्ष्य महिलाओं का सशक्तिकरण है। यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने लोगों से छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में सहयोगी पार्टी अन्नाद्रमुक समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिवगंत मुख्यमंत्री एम जी रामचंद्रन का, समावेशी विकास एवं समृद्ध समाज का दृष्टिकोण ‘‘हमें प्रेरित करता है।’’ द्रमुक और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उनके पास बोलने के लिए कोई एजेंडा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि साथ चुनाव लड़ रहीं दोनो पार्टियां लोगों की सुरक्षा और मान-सम्मान तक की गारंटी नहीं देंगी और उनके शासन में कानून व्यवस्था ‘‘बिगड़’’ जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘ मेरी समझ है कि द्रमुक और कांग्रेस के पास बोलने के लिए असली एजेंडा नहीं है लेकिन उन्हें अपने झूठ को नियंत्रित रखना चाहिए क्योंकि जनता मूर्ख नहीं है।’’ मोदी ने स्थानीय देवी मीनाक्षी अम्मन और उनके लोकप्रिय नामों कन्नगी अम्मन, रानी मंगम्मल और वेलु नाचियार का उल्लेख करते हुए कहा कि मदुरै ‘नारी शक्ति’ के सशक्तिकरण की सीख देता है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना सहित राजग की कई योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण को लक्षित कर शुरू की गईं। 

इसे भी पढ़ें: नड्डा का राहुल पर हमला, कहा- कुछ राजनीतिक सैलानी होते हैं जो केवल चुनाव के वक्त घूमते हैं

मोदी ने कहा, ‘‘स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना और अन्य योजनाओं में हमारी कोशिश का उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण है, लेकिन यह दुख की बात है कि द्रमुक और कांग्रेस ने मदुरै के स्वभाव को नहीं समझा। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि उनके नेता बार-बार महिलाओं का अपमान करते रहते हैं।’’ हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। द्रमुक नेता ए राजा इससे पहले एक चुनावी रैली में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी की मां के खिलाफ कथित अशोभनीय टिप्पणी कर विवाद में घिर चुके हैं, जिसकी काफी आलोचना हुई। सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने बृहस्पतिवार को 48 घंटे के लिए राजा के चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी और उनकी पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची से उनका नाम हटा दिया था। द्रमुक पर और निशाना साधते हुए मोदी ने, पार्टी के प्रथम परिवार में दो भाइयों एम के स्टालिन और एम के अलागिरी के बीच विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इससे पूर्व, पार्टी ने पारिवारिक मुद्दों के चलते शांतिप्रिय मदुरै को ‘‘माफिया के गढ़’’ में बदलने का प्रयास किया। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़