पाक सेना ने चौकियों और बस्तियों पर दागे मोर्टार

आरएस पुरा और अरनिया सेक्टरों में पाक सैनिकों द्वारा 15 से अधिक सीमा चौकियों और 29 बस्तियों पर मोर्टार बमों और स्वचालित हथियारों से की गयी भारी गोलीबारी में छह लोग घायल हो गये।

जम्मू। जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे आरएस पुरा और अरनिया सेक्टरों में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा 15 से अधिक सीमा चौकियों और 29 बस्तियों पर मोर्टार बमों और स्वचालित हथियारों से रात भर की गयी भारी गोलीबारी में छह लोग घायल हो गये। सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जम्मू जिले के आरएस पुरा और अरनिया सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा चौकियों और बस्तियों पर रात भर भारी गोलीबारी की गई और मोर्टार दागे गये, यह आज सुबह तक जारी था।’’

उन्होंने बताया कि जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अरनिया और आरएस पुरा से लगे 20 से अधिक बस्तियों पर पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी की। 15 से अधिक सीमा चौकियों को भी निशाना बनाया गया। आज सुबह हुई गोलीबारी में आरएस पुरा की खोपरा बस्ती पट्टी में छह नागरिक घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय पक्ष की ओर रात आठ बज कर 35 मिनट पर गोलीबारी की और मोर्टार दागने शुरू किए।

जम्मू के उपायुक्त सिमरनदीप सिंह ने बताया, ‘‘बुधवार रात अरनिया की ओर भारी मोर्टार दागे गये।’’ पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा बुधवार को दागे गये एक गोले की चपेट में आकर सीमा सुरक्षा बल का एक अधिकारी घायल हो गया था। जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे आरएस पुरा सेक्टर में यह गोला अधिकारी के नजदीक फट गया था। बीते दो दिनों में आरएस पुरा सेक्टर में सीमा पार से की गयी गोलीबारी में 16 लोग घायल हुए हैं जिसमें अधिकांश महिलाएं हैं। आरएस पुरा सेक्टर में बुधवार को बीएसएफ के सहायक सब इंस्पेक्टर एके उपाध्याय के पास एक गोला फट गया था जिसके टुकड़े उनके सिर में लगे। आरएस पुरा और अरनिया में 25 अक्तूबर को गोले दागे जाने के कारण आठ नागरिक घायल हो गये थे। सिंह ने बताया कि सरकार ने सलाह जारी की है और सीमा पार से की जा रही गोलीबारी के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाया जा रहा है।

सिंह ने बताया, ‘‘भारी गोलीबारी के कारण सीमा पर रहने वाले नागरिक सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। जब भी सीमा पर शांति होती है वे अपने घरों से निकल कर सुरक्षित शिविरों या सुरक्षित स्थानों पर स्थित अपने परिजनों के घर चले जाते हैं।’’ आरएस पुरा सेक्टर में 24 अक्तूबर को सीमा पार से की गयी गोलीबारी में एक छह वर्षीय लड़के की मौत हा गई थी और बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर सेना द्वारा किये गये लक्षित हमलों के बाद से पाकिस्तान द्वारा लगभग 55 बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा चुका है। इस दौरान तीन सुरक्षाकर्मियों सहित चार लोगों की मौत हो गयी है और 25 से अधिक घायल हैं।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


Tags

    अन्य न्यूज़