फलस्तीनी राजदूत Abdullah Abu Shawesh ने केरलम के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

भारत में फलस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने नयी दिल्ली में केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन से भेंट कर द्विपक्षीय संबंधों पर विचार-विमर्श किया। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशियाई देश और राज्य के बीच संभावित साझा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। राजदूत ने स्पष्ट किया कि बैठक में गाजा पट्टी के पुनर्निर्माण का मुद्दा नहीं उठा।
भारत में फलस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने शुक्रवार को केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन से मुलाकात की और पश्चिम एशियाई देश तथा राज्य के बीच संभावित कार्यक्रमों पर चर्चा की। अबू शावेश ने नयी दिल्ली में हुई बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि सतीशन के साथ यह उनकी पहली मुलाकात थी। उन्होंने इस मुलाकात को ‘‘खुशी और सम्मान’’ देने वाला बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सबसे पहला मुद्दा व्यापक तौर पर फलस्तीन और भारत के बीच, और विशेषकर फलस्तीन और केरलम के बीच द्विपक्षीय संबंधों का था। आगे बात करने के लिए कई मुद्दे हैं और कई ऐसे कार्यक्रम हैं जिन्हें हम आगे बढ़ा सकते हैं।’’ अबू शावेश ने कहा कि केरलम फलस्तीनियों के मुद्दे का मजबूत समर्थक रहा है और उम्मीद जताई कि वह अपना समर्थन जारी रखेगा।
फलस्तीनियों की मदद और गाजा पट्टी के पुनर्निर्माण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सतीशन के साथ उनकी बैठक में यह मुद्दा नहीं उठा। फलस्तीनी राजदूत ने कहा, ‘‘हमने इस मुद्दे पर चर्चा नहीं की। हम इस पर भारत सरकार के साथ व्यापक स्तर पर चर्चा करेंगे, जैसा कि हम पहले भी करते रहे हैं।
लेकिन अगर केरलम सरकार या राज्य के मुख्यमंत्री के साथ किसी बात पर चर्चा करनी हुई, तो वह केरलम में ही होगी और मैं सही समय पर इसकी घोषणा करूंगा।
अन्य न्यूज़













