Palghar में गरबा कार्यक्रम से नाबालिग को घसीटकर पीटने वाला 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक 17 वर्षीय किशोरी को गरबा पंडाल से जबरन बाहर निकालकर पीटने के मामले में पेल्हार पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार पूर्व परिचित पीड़िता द्वारा बातचीत बंद करने पर आरोपी संतोष भुवन इलाके में पहुंचा और उसने वारदात की। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
महाराष्ट्र के पालघर जिले में गरबा पंडाल से 17 वर्षीय लड़की को कथित तौर पर घसीटकर बाहर ले जाने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने 18 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार रात नालासोपारा पूर्व इलाके में नवरात्र उत्सव के दौरान हुई।
घटना का कथित वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पेल्हार पुलिस थाने के निरीक्षक सचिन कांबले ने बताया कि शिकायतकर्ता लड़की और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन लड़की ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था। अधिकारी ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि आरोपी संतोष भुवन में आयोजित गरबा कार्यक्रम में पहुंचा, जहां लड़की मौजूद थी।
आरोप है कि वह लड़की को घसीटकर कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। कांबले ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा मामले की जांच जारी है।
अन्य न्यूज़













