संसद में गतिरोध बरकरार, Amit Shah से जवाब को अड़ा विपक्ष, कार्यवाही ठप

संसद में नीट प्रश्नपत्र लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण गतिरोध बरकरार रहा, जिससे लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी। विपक्षी दल गृह मंत्री अमित शाह से छात्रों पर कार्रवाई के मामले में जवाब की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करनी पड़ी।
नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर पिछले सप्ताह दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर लोकसभा में सोमवार को विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के कारण प्रश्नपत्र लीक रोकने संबंधी प्रावधानों वाले विधेयक पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी जिसे सरकार ने आज ही सदन में पेश किया था। छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मामले में गृह मंत्री अमित शाह से जवाब देने की मांग कर रहे कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे की वजह से सदन की बैठक तीन बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, राज्यसभा की बैठक भी सोमवार को चार बार के स्थगन के बाद शाम पांच बज कर पंद्रह मिनट पर मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, सूत्रों ने कहा कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाले विधेयक पर सत्तापक्ष और विपक्ष में सहमति बनी, कल चर्चा शुरू हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र: नीट परीक्षा में कम अंक आने से हताश 19 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या
आज क्या हुआ
सरकार ने विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला संशोधन विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किया। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और कुछ अन्य सदस्यों का नाम लिया और कहा कि क्या इस विधेयक को लेकर वे कुछ बोलना चाहते हैं। हालांकि, किसी विपक्षी सदस्य ने इस पर अपनी बात नहीं रखी। बिरला ने कहा कि यह महत्वपूर्ण विधेयक है। विधेयक से सदन और देश की मंशा पर व्यापक चर्चा होगी। सभी दलों के लोग इस विषय पर बहुत दिनों से चर्चा की मांग कर रहे थे। यह सुधार का प्रथम कदम है। मैं सोचता हूं कि सदन में इस पर चर्चा हो, सभी अपने मत व्यक्त करें ताकि हम इस पर बात कर सकें कि किस तरह से इस विधेयक के माध्यम से पेपर लीक को रोकने का समुचित कदम उठा सकते हैं।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आज सुबह उम्मीद थी कि आज विपक्ष चर्चा को तैयार होगा। आखिरकार, वे लंबे समय से NEET पेपर लीक और हमारे छात्रों के भविष्य पर चर्चा करने की मांग कर रहे हैं। हम एक बहुत महत्वपूर्ण बिल लाए हैं - पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल, 2026। हमने कल और आज सुबह भी कांग्रेस से अपील की, फिर भी वे सहयोग करने को तैयार नहीं हैं... बाहर कांग्रेस के सदस्य दावा करते हैं कि उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। इसके उलट, यहाँ हम उनसे चर्चा में भाग लेने का आग्रह कर रहे हैं, लेकिन वे ऐसा करने से इनकार कर रहे हैं। यह कैसा रवैया है? हम आपसे विनम्रतापूर्वक बोलने का आग्रह कर रहे हैं, फिर भी आप कार्यवाही को आगे नहीं बढ़ने दे रहे हैं... देश के युवा सब देख रहे हैं।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।
अन्य न्यूज़














