Parliament की बैठकें फिर बुलाई गईं, महिला आरक्षण और परिसीमन संशोधन विधेयक लाने की तैयारी

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू के अनुसार सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से दोबारा बुलाने का निर्णय लिया है। इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। दोनों सदनों की यह संक्षिप्त बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है।
सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने के प्रयास की संभावना के बीच मानसून सत्र के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से फिर से बुलाने का फैसला किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी और कहा कि दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। रीजीजू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है।
संसद के मानसून सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक बीते 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी, हालांकि उसके बाद सत्रावसान नहीं हुआ। सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक फिर से बुलाने का फैसला उस वक्त किया है जब यह माना जा रहा है कि वह सरकार संविधान संशोधन विधेयक और संबंधित महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पारित कराने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं हो पाने के लिए विपक्ष के एक दल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
इन विधेयकों का उद्देश्य परिसीमन के जरिये लोकसभा की मौजूदा 543 सीट की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करना और 2029 के आम चुनाव से पहले संसद तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना है। हालांकि, विधेयक पारित कराने के लिए सरकार के सामने संख्या बल की चुनौती है। संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।
543 सदस्यीय सदन में इसके लिए 361 वोट चाहिए, जबकि तीन सीट खाली होने के कारण फिलहाल सदन में 540 सदस्य हैं। सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 320 सदस्य हैं और उसे विधेयक पारित कराने के लिए विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। सरकार को विपक्ष से द्रमुक और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) जैसे दलों से समर्थन की उम्मीद रहेगी।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता सुप्रिया सुले ने सोमवार को मांग की थी कि परिसीमन के लिए सभी राज्यों में एक समान फॉर्मूला अपनाया जाए और महिला आरक्षण कानून को लागू किया जाए। सुले ने कहा था कि उनकी पार्टी की दो प्रमुख शर्तें हैं। पहली, सभी राज्यों के लिए एक समान फॉर्मूला अपनाया जाए और दूसरी, महिला आरक्षण कानून लागू किया जाए।
इस बीच, विपक्षी दल मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुखर हैं। ऐसे में संसद की आगामी बैठक में हंगामे के आसार हैं। सरकार के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पिछले दिनों भरोसा जताया था कि विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा।
वहीं, सत्ताधारी गठबंधन के एक सांसद ने कहा था कि जब तक सदन सुचारू रूप से नहीं चलता, तब तक संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान संभव नहीं होगा। सूत्रों के अनुसार, सरकार एक ऐसे विकल्प पर भी विचार कर रही है, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकती है। इसका उद्देश्य परिसीमन के संभावित प्रभाव को लेकर जताई जा रही चिंताओं, खासकर दक्षिणी राज्यों की आशंकाओं को दूर करना है।
प्रस्तावित ढांचे में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरकरार रखने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। गौरतलब है कि संसद के विशेष सत्र में 17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन नहीं मिल पाया था।
अन्य न्यूज़














