उत्तराखंड में 2027 से पहले BJP का रिपोर्ट कार्ड, 70 फीसदी चुनावी वादे पूरे करने का दावा

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा चुनावों से पहले 16 पन्नों का राज्य सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इसमें 36,000 युवाओं को सरकारी नौकरी, महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण और समान नागरिक संहिता लागू करने जैसी उपलब्धियों का ब्योरा दिया गया है।
(फोटो के साथ) देहरादून, 26 नवंबर उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ भाजपा ने राज्य में अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। सोलह पृष्ठों का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने 2022 के चुनावों में किए गए वादों में से 70 प्रतिशत को पूरा कर दिया है। धामी ने कहा, “राज्य गठन के बाद से उत्तराखंड में एक परिपाटी रही थी कि कोई भी पार्टी दोबारा सत्ता में नहीं आई, लेकिन 2022 में जनता ने भाजपा को दूसरी बार मौका दिया... अब हम तीसरी बार सरकार बनाने के लिए तैयार हैं और इसी रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की एक नयी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए निरंतर काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में पारदर्शी तरीके से 36,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलना, सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण, 3.5 लाख से अधिक महिलाओं का लखपति दीदी बनना, पलायन को रोकने के लिए एक योजना लाना और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।
संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा सरकार ने 2022 विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी द्वारा जारी संकल्प पत्र में किए गए लगभग 70 प्रतिशत वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि “हमारा संकल्प शतप्रतिशत धरातल पर उतरे।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केवल भाजपा ही सत्ता में रहते हुए अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश कर सकती है और जनता के बीच जा सकती है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में गिनाते हुए धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना , प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं और पलायन को रोकने के उद्देश्य से चलाए जा रहे कार्यक्रम युवाओं और जरूरतमंद परिवारों को काफी लाभ पहुंचा रहे हैं।
धामी ने बताया कि गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के तहत, विधवाओं और दिव्यांग व्यक्तियों सहित नौ लाख से अधिक लोगों को पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले बुजुर्ग दंपति में से केवल एक को वृद्धावस्था पेंशन मिलती थी “लेकिन अब इस नीति में बदलाव किया गया है ताकि पति और पत्नी दोनों को पेंशन मिल सके।” उन्होंने बताया कि अंत्योदय योजना में लगभग दो लाख परिवारों को हर साल तीन मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “2022 में नयी सरकार के सत्ता में आने के बाद से यह व्यवस्था लगातार लागू है।
इसी प्रकार उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख से अधिक घर बनाए गए हैं, और जल्द ही प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में 50,000 और घर दिए जाएंगे।” पलायन को रोकने के अपनी सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सैकड़ों युवा अपने गांवों में वापस लौटे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद यह है कि युवा अपने गांवों में लौटें और उन्हें वहीं रोजगार के अवसर मिलें। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां बताते हुए धामी ने कहा कि उल्लास कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है।
इसके अलावा, राज्य के 500 सरकारी स्कूलों को डिजिटल सुविधाओं से लैस किया गया है जबकि राज्य में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी बनाने का काम भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने सभी नागरिकों के लिए एकसमान कानून की जरूरत की सोच के साथ 27 जनवरी 2025 को यूसीसी लागू किया और ऐसा करने वाला वह स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बन गया। बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुई प्रगति के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अब शुरू हो गया है।
रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, प्रदेश में बन रही ऑल-वेदर रोड परियोजना का भी 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने पर्यटन और तीर्थाटन को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया और कहा कि 2025 में छह करोड़ से अधिक पर्यटक राज्य में आए थे जबकि इस साल की चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाने के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सहप्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत भी मौजूद रहे।
अन्य न्यूज़














