सदाकत आश्रम में NSUI कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के बीच झड़प, मीडिया ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार

पटना स्थित बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों में नोकझोंक के बाद हाथापाई हो गई। कन्हैया कुमार के कार्यक्रम में न आने और बैठने की व्यवस्था को लेकर यह विवाद उपजा था। घटना के विरोध में पत्रकारों ने आयोजकों से माफी की मांग करते हुए प्रेस वार्ता छोड़ दी।
कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। पत्रकार, फोटोग्राफर और कैमरामैन संवाददाता सम्मेलन में शामिल होने के लिए ऐतिहासिक सदाकत आश्रम पहुंचे थे। इस संवाददाता सम्मेलन को एनएसयूआई के प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के नेता कन्हैया कुमार समेत विभिन्न लोग संबोधित करने वाले थे।
हालांकि, पत्रकारों को जब पता चला कि कुमार शहर में मौजूद नहीं हैं, तो वे नाराज हो गए। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि संवाददाता सम्मेलन में अधिक संख्या में मीडिया कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें गुमराह किया गया और स्थानीय एनएसयूआई पदाधिकारियों के कार्यक्रम में कन्हैया कुमार के आने की गलत सूचना दी गई। वहीं, कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि सुबह जारी किए गए आमंत्रण में कन्हैया कुमार का नाम शामिल था, लेकिन संवाददाता सम्मेलन शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले जारी संशोधित सूचना में स्पष्ट कर दिया गया था कि वह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होंगे।
इसके कुछ ही देर बाद कुर्सी को लेकर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान एनएसयूआई के एक कार्यकर्ता और फोटो पत्रकार के बीच हाथापाई हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई। एनएसयूआई के कुछ पदाधिकारियों ने नाराज पत्रकारों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन पत्रकार अपनी मांग पर अड़े रहे।
उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की और संवाददाता सम्मेलन का बहिष्कार कर दिया। इस झड़प में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
अन्य न्यूज़













