BJP नेता Nitin Nabin का AAP पर हमला, पंजाब में कानून के रक्षक भी सुरक्षित नहीं

जालंधर में समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद नितिन नवीन ने पंजाब सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस थानों पर हमले हो रहे हैं और नशा विरोधी अभियान केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए चलाया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर मादक पदार्थ और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बुधवार को तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य में कानून के रक्षक तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ नशा-विरोधी अभियान शुरू करने की बात भी केवल अपने फायदे के लिए कर रही है। नवीन ने गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर यहां से भाजपा की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आप पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या को खत्म करने की बात करती रहती है।
लेकिन युवाओं को सही दिशा दिखाने के बजाय, उसने उन्हें गुमराह किया है। वे मादक पदार्थ विरोधी अभियान केवल अपने राजनीतिक स्वार्थों को पूरा करने के लिए चला रहे हैं।’’ यह यात्रा 18 नवंबर से तीन दिसंबर तक चलेगी और सात राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी तथा गुरु रविदास के जन्मस्थान वाराणसी में संपन्न होगी।
नवीन ने कहा, ‘‘आप ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने का वादा किया था। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि उसने अपने ही वादे को पूरा न करने की कसम खा ली है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर कहा, ‘‘हमने देखा है कि किस तरह पुलिस थानों पर हमले हुए हैं। जो लोग दूसरों की सुरक्षा करने के लिए हैं, वे खुद ही सुरक्षित नहीं हैं।
यहां कानून का कोई राज नहीं है। आप अब केवल अरविंद केजरीवाल का एटीएम बनकर रह गई है।’’ भाजपा अध्यक्ष की ये टिप्पणियां 15 नवंबर को गुरदासपुर में पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के बाद आई है। इस साल पंजाब में हुए हमलों में अब तक छह पुलिसकर्मियों की मौत हुई है।
पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल चुनाव होने हैं। भाजपा अध्यक्ष ने यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले जालंधर में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की और डेरा सचखंड बल्लन के प्रमुख निरंजन दास से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज के हर वर्ग को जोड़ने में सफल होगी, क्योंकि इसकी शुरुआत गुरुओं की धरती से हो रही है।
यात्रा को हरी दिखाने के कार्यक्रम में भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के वरिष्ठ नेता इकबाल सिंह लालपुरा, सतीश पूनिया, तरुण चुग, मनप्रीत सिंह बादल, सुनील जाखड़ और मनोरंजन कालिया मौजूद रहे। ढिल्लों ने इससे पहले जानकारी दी थी कि पंजाब में, यात्रा होशियारपुर, मुकेरियां, पठानकोट, बटाला, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, मुक्तसर साहिब, बठिंडा, संगरूर, लुधियाना, रूपनगर और मोहाली से होकर गुजरेगी और पांच दिनों में 17 जिलों में 700 किमी की यात्रा करते हुए चंडीगढ़ में प्रवेश करेगी। पार्टी के अनुसार, 16 दिवसीय यात्रा के दौरान 100 से अधिक छोटी जनसभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
भाजपा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के ‘बेगमपुरा’ (दुख-रहित समाज) और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
अन्य न्यूज़













