Pitampura Murder: दिल्ली में लड़की के विवाद पर युवक की चाकू मारकर हत्या, 4 किशोर हिरासत में

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मौर्य एन्क्लेव इलाके में 20 अक्टूबर को हुई चाकूबाजी में अरुण नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि आशु गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिगों को पकड़ा है और वारदात में प्रयुक्त खंजर भी बरामद कर लिया है।

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के पीतमपुरा में एक लड़की को लेकर हुए विवाद में एक किशोर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई जबकि एक अन्य व्यक्ति इस मामले में घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मामले में चार किशोरों को पकड़ा गया है।

पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया खून से सना खंजर भी बरामद कर लिया है। यह घटना 20 अक्टूबर को मौर्य एन्क्लेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीतमपुरा के क्यूयू ब्लॉक के पास हुई। एक अधिकारी ने बताया कि घटना में घायल आशु और अरुण को बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां अरुण को मृत घोषित कर दिया गया।

आशु के शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान मिले हैं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चाकूबाजी से पहले एक लड़की को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि दोनों पर एक ही व्यक्ति ने चाकू से हमला किया था।

अधिकारी ने बताया कि मौर्य एन्क्लेव थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या), 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़