Delhi में PM Modi ने बताया, चांद पर जहां उतरा विक्रम, उस जगह को क्यों दिया गया 'शिवशक्ति' नाम

modi palam
ANI
अंकित सिंह । Aug 26 2023 1:15PM

मोदी ने कहा कि आज जहां पर चंद्रयान-3 लैंड किया गया है उस प्वाइंट को एक नाम दिया गया और वो नाम दिया गया है- शिवशक्ति। उन्होंने कहा कि आज जब शिव की बात होती है शुभम होता है और शक्ति की बात होती है तो मेरी देश की नारी शक्ति की बात होती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (26 अगस्त) बेंगलुरु में इसरो वैज्ञानिकों से मुलाकात के बाद दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख जेपी नड्डा और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पालम हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस की चार दिवसीय यात्रा के बाद लौटे। मोदी ने इस दौरान अपना संबोधन भी दिया। मोदी ने कहा कि आज जहां पर चंद्रयान-3 लैंड किया गया है उस प्वाइंट को एक नाम दिया गया और वो नाम दिया गया है- शिवशक्ति। उन्होंने कहा कि आज जब शिव की बात होती है शुभम होता है और शक्ति की बात होती है तो मेरी देश की नारी शक्ति की बात होती है। 

इसे भी पढ़ें: चांद पर जहां उतरा विक्रम, उस जगह को कहा जाएगा 'शिवशक्ति', BJP को मिला Congress पर निशाना साधने का मौका

इसके साथ ही मोदी ने कहा कि जब शिव की बात होती है तो हिमालय याद आता है और शक्ति की बात होती है तो कन्याकुमारी याद आता है। हिमालय से कन्याकुमारी तक इस भावना को उस प्वाइंट में प्रतिबिंबित करने के लिए इसका नाम शिवशक्ति तय किया है। उन्होंने कहा कि आज चंद्रयान-2 के प्वाइंट का भी नामकरण किया और उस प्वाइंट का नाम रखा- तिरंगा। हर संकटों से जूझने का सामर्थ्य  तिरंगा देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने ब्रिक्स समिट में भी देखा कि शायद ही दुनिया का कोई व्यक्ति हो, जो चंद्रयान की बात न की हो, बधाई न दी हो। जो बधाईयां हमें वहां मिली हैं, वो आते ही हमने सभी वैज्ञानिकों के सामने उसे सुपुर्द कर दिया।

इसे भी पढ़ें: Chandrayaan-3 लैंडर चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर उतरा है, उसका नाम ‘शिव-शक्ति पॉइंट’ रखा जाएगा: मोदी

नरेंद्र मोदी ने कहा कि आने वाले दिनों में कुछ दायित्व हमारा भी है, वैज्ञानिकों ने हमारा काम किया है- चाहे सैटेलाइट हो, चंद्रयान की यात्रा हो। सामान्य मानवी के जीवन में इसका बहुत बड़ा प्रभाव होता है। इसलिए इस बार मेरे देश के युवा शक्ति को विज्ञान के प्रति रूचि बढ़े, टेक्नोलॉजी के प्रति रूचि बढ़े, हमें इस बात को आगे ले जाना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मैं देश के नौजवानों के लिए  Hackathon ऑर्गेनाइज करना चाहता हूं। पिछले दिनों कई Hackathon में देश के लाखों विद्यार्थी 30 से 40 घंटे नॉन स्टॉप काम करके बढ़िया-बढ़िया आइडियाज दिए हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी Technology-driven है और दुनिया में वही देश आगे बढ़ने वाला है, जिसकी साइंस एंड टेक्नोलॉजी में महारत होगी। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़