जम्मू-कश्मीर के Poonch में Terrorist Hideout का भंडाफोड़, 134 कारतूस बरामद

सुरक्षा बलों और पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सूरनकोट तहसील के भोरीवाला ढोक में एक गुफा के भीतर छिपाए गए ठिकाने का पता चला। इस कार्रवाई में एके राइफल की दो मैगजीन, 117 कारतूस और पिस्तौल के 17 कारतूस बरामद किए गए। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद अखनूर और हीरानगर सेक्टर में भी सघन तलाशी ली गई।
जम्मू, पांच अगस्त जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एक दूरस्थ गांव में बुधवार को सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के एक ठिकाने का पता लगाया, जहां से गोला-बारूद बरामद किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर और कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद तलाशी अभियान चलाया।
हालांकि, इन अभियानों के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह सूरनकोट तहसील के भोरीवाला ढोक क्षेत्र में पुलिस और राष्ट्रीय राइफल्स के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान एक गुफा में बनाए गए आतंकवादी ठिकाने का पता चला। अधिकारियों के अनुसार, ठिकाने से एके राइफल की दो मैगजीन, 117 कारतूस तथा नौ एमएम पिस्तौल के 17 कारतूस बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि सूरनकोट के एक दर्जन से अधिक वन क्षेत्रों वाले गांवों में मंगलवार को बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था। यह अभियान धारा सांगला और गुज्जर नार क्षेत्रों में संदिग्ध आतंकवादियों के दो अलग-अलग समूहों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया। अधिकारियों ने कहा कि अब तक संदिग्ध आतंकवादियों से सुरक्षा बलों का कोई संपर्क नहीं हुआ है और अंतिम सूचना मिलने तक अभियान जारी था।
उन्होंने बताया कि जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर के सुनैल पंचायत क्षेत्र में एक ग्रामीण द्वारा संदिग्ध गतिविधि की सूचना दिए जाने के बाद सेना और पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कड़ी निगरानी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने बुधवार तड़के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में परशुराम मंदिर से जांडी नाला तक संयुक्त तलाशी अभियान भी चलाया।
अन्य न्यूज़













