प्रियंका की ‘गिरफ्तारी'' और भाजपा के अत्याचार के खिलाफ देशव्यापी धरना-प्रदर्शन होगा: केसी वेणुगोपाल

priyanka-arrest-and-bjp-atrocities-against-nationwide-protest-will-be-performed-kc-venugopal
[email protected] । Jul 19 2019 5:59PM

प्रियंका को शुक्रवार को सोनभद्र जाने से प्रशासन ने रोक दिया। वह बुधवार को हुए इस सामूहिक हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहीं थी। प्रियंका प्रशासन के इस कदम के विरोध में धरने पर बैठ गईं। गत 17 जुलाई को सोनभद्र में जमीन विवाद में एक ग्राम प्रधान ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष पर गोलीबारी की जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सामूहिक हत्याकांड के पीड़ितों से मिलने जा रहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ‘गिरफ्तारी’ और भाजपा सरकार में आम लोगों के विरूद्ध ‘अत्याचारों’ के खिलाफ जल्द ही पूरे देश में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी कांग्रेस प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और विभागों को लिखे पत्र में कहा, ‘‘पार्टी ने यह फैसला भी किया है कि इस गिरफ्तारी और भाजपा सरकार में आम लोगों के खिलाफ हुए अत्याचारों के खिलाफ पूरे देश में धरना-प्रदर्शन किया जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ आप से आग्रह किया जाता है कि आप इन धरना-प्रदर्शन में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें।’’ वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘सोनभद्र में गोलीबारी में मारे गए लोगों के परिवारों से मिलने के लिए जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व़ाड्रा की गिरफ्तारी की हम निंदा करते हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद से योगी सरकार में अपराध बढ़ने के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि प्रियंका गांधी को तत्काल रिहा किया जाए और उन्हें सोनभद्र में पीड़ित परिवारों से मिलने की इजाजत दी जाए।’’

गौरतलब है कि प्रियंका को शुक्रवार को सोनभद्र जाने से प्रशासन ने रोक दिया। वह बुधवार को हुए इस सामूहिक हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहीं थी। प्रियंका प्रशासन के इस कदम के विरोध में धरने पर बैठ गईं।  गत 17 जुलाई को सोनभद्र में जमीन विवाद में एक ग्राम प्रधान ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष पर गोलीबारी की जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़