पुडुचेरी के Thattanchavady उपचुनाव में शुरुआती चार घंटों में 39 फीसदी वोटिंग दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में मंगलवार को मतदाताओं का खासा उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक 39.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी द्वारा सीट छोड़ने के कारण यहां चुनाव कराया जा रहा है।

पुडुचेरी, छह अक्टूबर पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव में तेज मतदान दर्ज किया गया और शुरुआती चार घंटे में 39 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 39.16 रहा। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

विधानसभा क्षेत्र के अधिकतर मतदान केंद्रों पर मतदान में तेजी दिखी। मतदान केंद्रों पर स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवान तैनात थे। दिव्यांगों और बुजुर्गों के वोट डालने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) उम्मीदवार अशोक आनंद को कांग्रेस उम्मीदवार ई. विनायगम और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) उम्मीदवार के. सेधु सेल्वम से चुनौती मिल रही है। इस उपचुनाव को मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व में चार महीने पहले बनी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। रंगासामी के इस सीट से इस्तीफा देने के कारण उपचुनाव कराना पड़ा।

उन्होंने अप्रैल में थट्टनचावडी के अलावा मंगलम सीट भी जीती थी और मंगलम सीट बरकरार रखी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़