Pune Rape-Murder Case: सामने आया आरोपी का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड, CM Fadnavis बोले- कोई कानूनी कमी नहीं छोड़ेंगे

पुणे में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोपी को फांसी दिलाने के लिए केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने का ऐलान किया है। सरकार ने पीड़ित परिवार को रिकॉर्ड समय में न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुख्ता सबूतों के साथ जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
पुणे में चार साल की बच्ची के साथ हुए रेप और मर्डर की दर्दनाक घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का एकमात्र लक्ष्य आरोपी को मौत की सजा दिलाना है। उन्होंने पीड़ित के पिता से बात कर उन्हें भरोसा दिलाया है कि इस केस की सुनवाई रिकॉर्ड समय में पूरी की जाएगी।
आरोपी को फांसी दिलाने की तैयारी
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि सरकार हाई कोर्ट के जरिए मामले की फास्ट ट्रैक सुनवाई और जल्द चार्जशीट दाखिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, 'हम यह पक्का करेंगे कि कोई भी कानूनी कमी न रहे जिसका आरोपी फायदा उठा सके।' वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी पुलिस को निर्देश दिए हैं कि इतने पुख्ता सबूत जुटाए जाएं जिससे आरोपी को फांसी की सजा मिलना तय हो सके।
इसे भी पढ़ें: Video । सिद्धार्थनगर में टंकी पर फंसे बच्चों के लिए देवदूत बनी Indian Air Force, हेलीकॉप्टर से किया Rescue
आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास
जांच में पता चला है कि 65 वर्षीय आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। 1998 में उस पर छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ था, जबकि 2015 में उसके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) और हत्या की कोशिश के दो मामले दर्ज किए गए थे। हालांकि, सबूतों की कमी के कारण वह 2019 में बरी हो गया था। पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, आरोपी की प्रवृत्ति शुरू से ही अपराधी रही है।
CCTV फुटेज से खुला राज
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर एक गली की ओर ले जाते हुए दिख रहा है। इसी फुटेज की मदद से पुलिस ने उसे घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी को 7 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: Vivek Vihar Fire Tragedy: सुबह-सुबह आग का तांडव, 9 लोगों की जलकर दर्दनाक मौत
सीएम ने कहा, हालात का फायदा उठा रहे कुछ लोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना बेहद गंभीर है और लोगों का गुस्सा जायज है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ लोग इस दुखद स्थिति का राजनीतिक फायदा उठाने और इसे दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार का साथ देने और पुरानी लापरवाहियों की जांच करने की बात भी दोहराई।
अन्य न्यूज़














