Pune में शिवसेना MLC Neelam Gorhe के बंगले में चोरी, आरोपी छात्र गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पुणे में शिवसेना की विधान परिषद सदस्य नीलम गोरहे के बंगले में कथित तौर पर घुसपैठ और चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 21 वर्षीय छात्र को गिरफ्तार किया है। नासिक निवासी आरोपी 26 सितंबर की तड़के शिवाजीनगर स्थित मॉडल कॉलोनी के बंगले में घुसा था और उसने एक थर्मस चुरा लिया। सुरक्षा गार्ड की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर यह कार्रवाई की गई।
शिवसेना की विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) नीलम गोरहे के पुणे स्थित बंगले में कथित रूप से घुसकर चोरी करने के आरोप में 21 वर्षीय एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना 26 सितंबर की तड़के हुई।
शिवाजीनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपी छात्र नासिक जिले के ताहराबाद का रहने वाला है और चोरी की घटना के कुछ घंटे बाद 26 सितंबर को शाम करीब 7.20 बजे उसे गिरफ्तार किया गया। बंगले में तैनात सुरक्षा गार्ड की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की चोरी और घर में अनधिकृत प्रवेश या सेंधमारी से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 26 सितंबर तड़के शिवाजीनगर के पॉश आवासीय इलाके मॉडल कॉलोनी स्थित गोरहे के घर में प्रवेश किया और एक चाय का थर्मस चुरा लिया।
पुलिस ने बताया कि कॉलोनी स्थित गोरहे के ‘सिल्वर रॉक्स’ बंगले की छत पर सुरक्षा गार्ड ने एक व्यक्ति को देखा, जिसके बाद घटना का पता चला। घटना के समय घर पर मौजूद नहीं रहीं गोरहे ने बाद में बताया कि पानी की आपूर्ति अचानक बंद होने के बाद सुरक्षा गार्ड पानी की टंकी की जांच करने गया था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान गार्ड ने छत पर मौजूद व्यक्ति को देखा।
महाराष्ट्र विधान परिषद की पूर्व उपसभापति गोरहे ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में व्यक्ति को रात करीब तीन बजे बंगले की छत पर पहुंचने और सुबह करीब सात बजे तक वहीं रहने की बात सामने आई है।
अन्य न्यूज़














