Congress ने Punjab चुनाव समिति बनाई, Pargat Singh संभालेंगे अगुवाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने पंजाब के लिए 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के नेतृत्व में गठित इस टीम में कई वरिष्ठ सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री और प्रमुख नेता शामिल किए गए हैं। पंजाब प्रभारी महासचिव सचिन पायलट और प्रदेश के अग्रणी संगठनों के प्रमुख इसके पदेन सदस्य रहेंगे।

कांग्रेस ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बुधवार को प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया, जिसकी अगुवाई पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष परगट सिंह करेंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस चुनाव समिति में प्रताप सिंह बाजवा, अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्टल, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग सहित कुल 42 नेताओं को शामिल किया गया है। समिति के अन्य सदस्यों में विजय इंदर सिंगला, शमशेर सिंह दुल्लो, सुखपाल सिंह खैरा, अमर सिंह, गुरजीत सिंह औजला, शेर सिंह घुबाया, धर्मवीर गांधी, किशोरी लाल शर्मा, संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी, राज कुमार वेरका, कुलजीत सिंह नागरा, गुरकीरत सिंह और ओम प्रकाश सोनी भी शामिल हैं।

पंजाब के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट, प्रभारी महासचिव से संबद्ध सभी एआईसीसी सचिव और प्रदेश के अग्रिम संगठनों के प्रमुख चुनाव समिति के पदेन सदस्य होंगे। पंजाब में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव संभावित है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़