पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सौंपा इस्तीफा, कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त

CM Channi

पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया।कांग्रेस को पंजाब विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त मिली है। आम आदमी पार्टी ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटें जीती जबकि कांग्रेस 18 सीटों पर सिमट गयी।

चंडीगढ़।पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद शुक्रवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को अपना इस्तीफा सौंपा। चन्नी की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल ने विधानसभा भंग करने की सिफारिश करते हुए आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाली सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त कर दिया। राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने राज भवन गए चन्नी ने नतीजों के एक दिन बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।’’ कांग्रेस को पंजाब विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त मिली है।

इसे भी पढ़ें: उत्तरी कश्मीर में सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, बचाव अभियान जारी

आम आदमी पार्टी ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटें जीती जबकि कांग्रेस 18 सीटों पर सिमट गयी। आप ने शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन का भी सफाया कर दिया। शिअद को तीन सीटें जबकि भाजपा को दो और बसपा को महज एक सीट मिली। विधानसभा चुनावों में चन्नी, प्रकाश सिंह बादल और अमरिंदर सिंह समेत कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। चन्नी दोनों सीटों पर हार गए जहां से उन्होंने चुनाव लड़ा। उन्हें भदौर सीट से आप के लाभ सिंह उगोके ने 37,558 मतों के अंतर से हराया। चमकौर साहिब से वह आप के चरणजीत सिंह से 7,942 मतों के अंतर से हारे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़