Punjab Police ने ड्रग्स तस्करों की 902 करोड़ की संपत्ति जब्त की, DGP गौरव यादव ने दी जानकारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब पुलिस ने मार्च 2022 से अब तक नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 1.27 लाख से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 7,260 किलोग्राम से ज्यादा हेरोइन पकड़ी गई और 95 हजार से अधिक एनडीपीएस मामले दर्ज हुए। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि राज्य में 60 दिनों का गहन निगरानी अभियान शुरू किया गया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को कहा कि पंजाब पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ निर्णायक प्रहार किया है। उन्होंने बताया कि 16 मार्च 2022 से राज्य में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अब तक 95,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 1.27 लाख से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं और 7,260 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई है।

डीजीपी ने कहा कि नशीले पदार्थों के कारोबार की आर्थिक जड़ों पर प्रहार करते हुए पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों की 902 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह देश में अब तक की सबसे बड़ी जब्ती है। इसके साथ ही अदालतों में 90 प्रतिशत की अभूतपूर्व दोषसिद्धि दर हासिल की गई है।

उन्होंने पुलिस स्मृति दिवस समारोह से इतर संवाददाताओं से कहा कि अप्रैल 2022 से चलाए जा रहे अभियानों के जरिए 1,288 संगठित आपराधिक गिरोहों को खत्म किया गया है और 3,300 से अधिक गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। समारोह में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। यह कार्यक्रम जालंधर में पंजाब सशस्त्र पुलिस (पीएपी) मुख्यालय में आयोजित किया गया था।

राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस 1959 में आज ही के दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों की ओर से घात लगाकर किए गए हमले में जान गंवाने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों की याद में मनाया जाता है। ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ (नशे के खिलाफ युद्ध) अभियान के तहत नयी रणनीतिक रूपरेखा पेश करते हुए डीजीपी ने बताया कि अब यह अभियान 60 दिनों के एक गहन ‘मिशन’ में बदल गया है। इसके अंतर्गत नशीले पदार्थों से जुड़े सभी चिह्नित ‘हॉटस्पॉट’ पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और नागरिक प्रशासन के राजपत्रित अधिकारी चौबीसों घंटे संयुक्त रूप से निगरानी कर रहे हैं।

डीजीपी ने कहा कि भविष्य की रणनीतियों में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने, ‘हॉटस्पॉट’ पर कार्रवाई करने, 1,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण करने और साइबर सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा। इन उपायों का उद्देश्य राज्य भर में आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़