पंजाब: रोडवेज संविदा कर्मचारियों ने नियमित करने की मांग को लेकर सभी 27 डिपो पर किया प्रदर्शन

Prabhasakshi Image

पंजाब रोडवेज के संविदा कर्मचारियों ने नियमित करने और ठेका व्यवस्था समाप्त करने की मांग को लेकर राज्य के सभी 27 डिपो पर प्रदर्शन किया। यूनियन नेताओं का आरोप है कि सरकार बार-बार आश्वासन देने के बावजूद अपना वादा पूरा करने में विफल रही है। मांगें पूरी न होने पर कर्मचारियों ने तीन से पांच अगस्त तक हड़ताल करने की चेतावनी दी है।

होशियारपुर, 27 जुलाई पंजाब रोडवेज के संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को राज्य के कई बस डिपो के गेट पर प्रदर्शन किया। इन मांगों में कर्मचारियों को नियमित करना और ठेका व्यवस्था को समाप्त करना शामिल है। ये प्रदर्शन पंजाब रोडवेज, पनबस और ‘पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन’ की ओर से राज्य के सभी 27 डिपो पर किए गए।

यूनियन नेता कुलवंत सिंह ने होशियारपुर डिपो में सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बार-बार भरोसा देने के बावजूद संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का अपना वादा पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में सरकार के साथ करीब 70 बैठकें हुईं लेकिन कर्मचारियों की मांगों पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। यूनियन का कहना है कि इस मामले की जांच के लिए सरकार द्वारा बनाई गई समितियां भी कोई नतीजा नहीं दे सकीं।

यूनियन ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के सत्ता में आने के बाद से परिवहन विभाग में किसी भी संविदा कर्मचारी को नियमित नहीं किया गया। इसने यह भी दावा किया कि ठेका व्यवस्था के कारण कर्मचारी अब भी शोषण का शिकार हो रहे हैं। होशियारपुर डिपो के अध्यक्ष रामिंदर सिंह और सचिव नरिंदर सिंह ने मार्ग निर्धारण में अनियमितताओं, ‘आउटसोर्स’ कर्मचारियों की भर्ती और संविदा कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों का समाधान किए बिना उनके लिए विशेष कैडर नीति लागू करने के प्रयासों का आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया कि 24 जून को हुई बैठक में सरकार ने संविदा कर्मचारियों को नियमित करने और अन्य मुद्दों के समाधान के लिए मसौदा नीति तैयार करने के लिए 10 दिन का समय मांगा था लेकिन अब तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया। यूनियन ने दोहराया कि अगर उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो कर्मचारी तीन से पांच अगस्त तक तीन दिन की हड़ताल करेंगे और पंजाब के मुख्यमंत्री तथा परिवहन मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। इसने पंजाब विधानसभा के आगामी मानसून सत्र के दौरान भूख हड़ताल करने की भी घोषणा की।

All the updates here:

अन्य न्यूज़