उत्तरकाशी के पवाणी में Pushkar Singh Dhami ने की 1.95 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा

उत्तरकाशी के पवाणी में Pushkar Singh Dhami ने की 1.95 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में भीषण आग से तबाह हुए पवाणी गांव का दौरा किया। उन्होंने बेघर हुए 39 परिवारों में से प्रत्येक को नए मकान निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया। बर्फबारी से पहले गांव को दोबारा बसाने और राशन सहित सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का भी भरोसा दिया गया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी जिले के भीषण आग हादसे से प्रभावित पवाणी गांव का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। जिले के मोरी क्षेत्र में स्थित इस दूरस्थ गांव में मंगलवार शाम लगी भीषण आग में 39 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए थे। मुख्यमंत्री ने 39 पीड़ित परिवारों को मकान निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये यानी कुल 1.95 करोड़ की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से घटनास्थल पर पहुंचे और जले हुए मकानों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हादसे में लगभग पूरा गांव तबाह हो गया और लोगों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा।

उन्होंने कहा कि छह महीने बर्फ की चपेट में रहने के कारण ग्रामीणों का अगले छह माह के लिए सुरक्षित रखा राशन भी हादसे की भेंट चढ़ गया है। धामी ने कहा, “ऐसे समय में सरकार और प्रशासन का प्रयास रहेगा कि यह गांव फिर से आबाद हो और बर्फबारी से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो जाएं ताकि किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।” उन्होंने कहा कि सरकार इस मुश्किल खड़ी में प्रभावितों के साथ खड़ी है और उन्हें राशन समेत अन्य सभी प्रकार की हरसंभव मदद दी जाएगी। इस दौरान पुरोला से भाजपा विधायक दुर्गेशवर लाल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर पीड़ितों की समस्याएं रखीं।

उन्होंने हादसे से प्रभावित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने, पीड़ितों के किसान ऋण माफ करने, पवाणी में मोबाइल टावर लगाने, मोरी विकासखंड के सभी गांवों के ऊपरी हिस्सों में पानी के भंडारण टैंक का निर्माण करने एवं पवाणी एवं ओसला गांव के बीच हेलीपैड निर्माण की मांग रखी। इस दौरान, मुख्यमंत्री के साथ उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़