BIMSTEC Athletics में Sabita Toppo ने 100 मीटर बाधा दौड़ में जीता गोल्ड

भुवनेश्वर में आयोजित बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खेलो इंडिया एथलीट सबिता टोप्पो ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में भारत की शाइनी ग्लैडसिया दूसरे स्थान पर रहीं। दूसरे दिन आठ स्वर्ण पदकों के साथ भारत कुल 30 पदकों की मदद से तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है।
खेलो इंडिया की एथलीट सबिता टोप्पो ने बृहस्पतिवार को यहां बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण पदक जीता। टोप्पो और शाइनी ग्लैडसिया ने इस स्पर्धा में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही तीन दिवसीय पहली प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारत ने पदक तालिका में शीर्ष पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली।
भारत ने बृहस्पतिवार को आठ स्वर्ण पदक जीते जिससे उसके कुल पदकों की संख्या 30 हो गई है। इसमें 14 स्वर्ण, 12 रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है।
श्रीलंका ने भी पुरुषों की 400 मीटर दौड़ और महिलाओं की ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीते। उसके कुल चार स्वर्ण, पांच रजत और 12 कांस्य पदक हो गए हैं। वह दूसरे स्थान पर है।
बांग्लादेश एक रजत और एक कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर है। नेपाल के खाते में एक रजत पदक है, जबकि भूटान और म्यांमा अभी तक पदक नहीं जीत पाए हैं। टोप्पो ने 13.86 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
ग्लैडसिया 14.03 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि पीजीएमएस गुनाथिलका ने 14.34 सेकेंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता। विश्व पुलिस और अग्निशमन खेल 2025 में प्रभावित करने वाली 21 वर्षीय टोप्पो का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13.75 सेकेंड का है जो उन्होंने जून 2026 में कटक में सीनियर राज्य चैंपियनशिप के दौरान किया था। भारत ने रोशन शेख (14.15 सेकेंड) के पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में पहले स्थान से अपने स्वर्ण अभियान की शुरुआत की।
पुरुषों की चक्का फेंक स्पर्धा के फाइनल में हालांकि अप्रत्याशित नतीजा देखने को मिला। भारत के भरतप्रीत सिंह को 49.63 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हमवतन वैभव ने 51.97 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता।
2026 एशियाई अंडर-23 चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता भरतप्रीत के तीन प्रयास फाउल रहे जबकि वैभव का एक भी प्रयास फाउल नहीं हुआ। श्रीलंका के बोजित गुनासेकरा ने 44.55 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। तमिलनाडु की त्रिकूद खिलाड़ी साधना रवि ने 13.24 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता।
बांग्लादेश की स्वप्ना खातून 13.22 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं जबकि श्रीलंका की एलएसडब्ल्यू अराच्ची ने 12.96 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
अन्य न्यूज़














