UP चुनाव के लिए राहुल-प्रियंका ने जारी किया 'भर्ती विधान', कहा- युवाओं से बातचीत कर तैयार किया मेनिफेस्टो, 20 लाख लोगों को देंगे नौकरी

Congress
प्रतिरूप फोटो

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों में चुनाव नहीं होते हैं। हमने उसके विषय में भी पूरा खांका तैयार किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 7 करोड़ युवाओं की आंकाक्षाओं का यह दस्तावेज है। इसमें 20 लाख सरकारी नौकरियां आरक्षण प्रावधानों का पालन करते हुए दी जाएंगी।

नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर युवाओं का घोषणापत्र जारी किया। कांग्रेस ने इस घोषणापत्र को 'भर्ती विधान' नाम दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि रोज़गार हम आपको कैसे और किस प्रकार से दिलाएंगे, यह सब हमने इस मेनिफेस्टो में लिखा है। इस मेनिफेस्टो को बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के युवाओं के साथ बात की है और जो उनके विचार है वह हमने इस मेनिफेस्टो में डाले हैं। 

इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ मॉडल के दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, भूपेश बघेल ने सोनिया-राहुल से की मुलाकात 

इसी बीच राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में हर 24 घंटे में लगभग 880 युवा रोज़गार खोते हैं। भाजपा के पिछले 5 सालों के शासन में लगभग 16 लाख युवाओं ने रोज़गार खोया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम आपको हर साल 2 करोड़ रोज़गार देंगे। सच्चाई सबको दिख रही है। ऐसा क्यों हो रहा है। क्योंकि देश का पूरा धन 2-3 बड़े उद्योगपतियों के हाथों में दिया जा रहा है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों में चुनाव नहीं होते हैं। हमने उसके विषय में भी पूरा खांका तैयार किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 7 करोड़ युवाओं की आंकाक्षाओं का यह दस्तावेज है। इसमें 20 लाख सरकारी नौकरियां आरक्षण प्रावधानों का पालन करते हुए दी जाएंगी। 

उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में 1.5 लाख शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। माध्यमिक विद्यालय में 38 हजार और उच्च शिक्षा में 8 हजार पद खाली हैं, जिन्हें भरा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि डॉक्टरों, पुलिस विभाग, आंगनवाड़ी महिलाओं और सहायक महिलाओं के खाली पदों को भरा जाएगा।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि संस्कृत के शिक्षक, उर्दू के शिक्षक, आंगनबाड़ी, आशा आदि में खाली सभी पदों को भरा जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में नौजवानों का जो भरोसा टूटा है, उसे बहाल करने के लिए सभी परीक्षाओं के फॉर्म के लिए शुल्क माफ होंगे और बस, ट्रेन यात्रा फ्री होगी। उन्होंने कहा कि एक परीक्षा कैलेंडर जारी होगा, जिसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी और इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरक्षण के घोटाले को रोकने के लिए हर भर्ती के लए सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक होंगे।

शिक्षा बजट बढ़ाएंगे

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा का बजट कम किया है। हमारी सरकार आएगी तो ये बजट बढ़ाया जाएगा और सभी कॉलेज व विश्वविद्यालयों को अपग्रेड किया जाएगा। अच्छी शिक्षा भविष्य निर्माण के लिए सबसे जरूरी है। प्रियंका गांधी ने कहा कि एक परीक्षा कैलेंडर जारी होगा, जिसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी और इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरक्षण के घोटाले को रोकने के लिए हर भर्ती के लिए सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक होंगे।

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने UP के लिए 41 और उम्मीदवार घोषित किए, महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट  

उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार के लिए नए अवसर प्रदान किए जाएंगे। मल्लाहों और निषादों के लिए विश्वस्तरीय संस्थान बनाया जाएगा जिसमें उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। अति पिछड़े समुदाय के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 1 फीसदी ब्याज की दर से कर्ज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे के जाल से निकालने के लिए एक सेंटर खोला जाएगा जो युवाओं की काउंसिलिंग करेगा। इसके अलावा सांस्कृतिक क्षेत्र में युवाओं को बढ़ावा दिया जाए। हम आपके भविष्य की ठोस बात करना चाहते हैं।

हम सकारात्मक बातें करेंगे

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज चुनाव में जाति पर आधारित और सांप्रदायिक प्रचार किया जा रहा है। हम चाहते हैं कि सकारात्मक बातें हों और आपके भविष्य की बातें हों ताकि आपका भविष्य उज्जवल हो सके।

भारत को नए विजन की जरूरत

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि हमारा यकीन है कि भारत को एक नए विजन की जरूरत है। 2014 में भाजपा ने जो विजन पेश किया है वह पूरी तरह से फेल हो चुका है। आज भाजपा के ही लोग कह रहे हैं कि कहीं कुछ गड़बड़ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से शुरुआत कर रहे हैं। अगर उत्तर प्रदेश को नया विजन नहीं दिया गया तो पूरे देश को नया विजन नहीं दिया जा सकता है।

यहां सुने पूरा संबोधन:-  

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़