दिल्ली NCR में हुई बारिश, मौसम हुआ सुहावना, गर्मी से भी मिली राहत

Rainfall in Delhi NCR, weather is pleasant, heat relief
[email protected] । Jul 3 2018 8:45AM

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में आज शाम धूल भरी आंधी चलने के बाद बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट हुई और मौसम सुहावना हो गया।

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में आज शाम धूल भरी आंधी चलने के बाद बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट हुई और मौसम सुहावना हो गया। दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रर्ता का स्तर 77 और 49 प्रतिशत के बीच रहा। 

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया , जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस , जो सामान्य से दो डिग्री ऊपर है।’’ दिल्ली हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि शहर में बारिश की वजह से दिल्ली आ रहे कम से कम 24 विमानों का मार्ग बदलना पड़ा। रात के 8.45 और 9.45 बजे के बीच ज्यादातर मार्ग बदले गये। इनमें कई निजी एयरलाइन के विमानों के अलावा एयर इंडिया के भी पांच विमान शामिल हैं। 

बहरहाल, आज दिन भर काफी गर्मी और उमस रही। रात के करीब आठ बजे दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने कल सुबह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने के साथ ही शाम के समय कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जतायी है। अधिकारी ने बताया, ‘‘मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़