राजस्थान: कोटपूतली में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों का प्रदर्शन

राजस्थान: कोटपूतली में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों का प्रदर्शन
प्रतिरूप फोटो

राजस्थान के कोटपूतली क्षेत्र के दांतिल गांव में मंगलवार सुबह हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।

जयपुर, 28 जुलाई राजस्थान के कोटपूतली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, घटना दांतिल गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान केसर देवी (45) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, करंट लगने के बाद देवी को तत्काल बीडीएम जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने और कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उपखंड अधिकारी (एसडीएम) योगेश देवल, कोटपूतली थाना प्रभारी राजेश कुमार और प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़