Rajasthan के Hanumangarh में 50 करोड़ रुपये की Heroin बरामद, दो महिलाओं समेत चार पकड़े गए

हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने नहर के पास खड़ी दो गाड़ियों की जांच कर 9.8 किलोग्राम से अधिक नशीला पदार्थ और 1.85 लाख रुपये नकद बरामद किए। मामले में पंजाब के एक व्यक्ति और तीन अन्य परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां सीमा पार से ड्रोन के जरिए खेप भेजे जाने की संभावना की पड़ताल कर रही हैं।
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने रविवार को दो कारों की तलाशी के दौरान 9.821 किलोग्राम हेरोइन और 1.85 लाख रुपये नकद जब्त किए। इस मामले में दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि जब्त हेरोइन का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 50 करोड़ रुपये आंका गया है।
पुलिस के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले की गोलूवाला थाना पुलिस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस की विशेष टीम (डीएसटी) ने खुफिया सूचना के आधार पर अयालकी गांव के पास नहर के निकट खड़ी दो कारों की तलाशी ली। इस दौरान 19 पैकेट में रखी 9.821 किलोग्राम हेरोइन और 1.85 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हासन अली (32), उसकी 20 वर्षीय पत्नी रवीना, उसकी मां गुलजारा (50) और पंजाब के जालंधर जिले की नकोदर तहसील के रायपुर गुजरा महतपुरा निवासी बलविंदर सिंह (34) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मादक पदार्थों की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन या किसी अन्य माध्यम से सीमा के निकट पहुंचाई गई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। खेप भारत में किस रास्ते से लाई गई और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की आपूर्ति और परिवहन से जुड़े नेटवर्क के साथ-साथ संभावित खरीदारों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अन्य न्यूज़













