राजौरी में भाजपा नेता के घर पर हुए ग्रेनेड हमले में घायल तीन साल के मासूम की मौत

Rajouri: 3 year old injured

राजौरी में भाजपा नेता के घर पर हुए ग्रेनेड हमले में घायल तीन साल के बच्चे की मौत हो गई है।भाजपा ने हमले की कड़ी निंदा की है और पुलिस से इसके लिए जिम्मेदार लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने की अपील की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और भाजपा नेता के परिवार ने विरोध प्रदर्शन किया।

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता के घर पर आतंकवादियों द्वारा हथगोले से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात को खांदली इलाके में भाजपा नेता जसबीर सिंह के घर पर हुए हमले में उनके परिवार के सात सदस्य घायल हो गए जिसमें तीन साल का बच्चा वीर भी शामिल था। सूत्रों ने बताया कि राजौरी में सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान वीर की मध्यरात्रि के आस-पास मौत हो गई। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए बच्चे का शव परिवार को सौंप दिया गया है।

इसे भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर के राजौरी में भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड से हमला, पांच घायल

भाजपा ने हमले की कड़ी निंदा की है और पुलिस से इसके लिए जिम्मेदार लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने की अपील की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और भाजपा नेता के परिवार ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि सिंह को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई थी। घटना में सिंह भी घायल हो गए थे। हमले के फौरन बाद, पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने नगर के भीतर और आस-पास तलाश की। भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख रविंद्र रैना ने घटना को कायरतापूर्ण कृत्य करार देते हुए कहा कि भाजपा नेताओं पर आतंकवादी हमलों की साजिश पाकिस्तान रच रहा है। उन्होंने कहा, “हम हमले की कड़ी निंदा करते हैं। पुलिस को इसके लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को फौरन गिरफ्तार करना चाहिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़