Reasi Police ने स्वतंत्रता दिवस और यात्राओं की सुरक्षा बढ़ाई, चिनाब पुल पर विशेष चौकसी

रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकुंद टिबरेवाल ने सोमवार को जिला पुलिस लाइन में बहु-एजेंसी केंद्र की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान अधिकारियों को चिनाब पुल, अंजी पुल और रेलवे प्रतिष्ठानों जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। बैठक में सेना, सीआरपीएफ, एसएसबी और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में सोमवार को आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा कौसर नाग और बुढ़ा अमरनाथ यात्राओं के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकुंद टिबरेवाल ने जिला पुलिस लाइन में सहायक बहु-एजेंसी केंद्र की बैठक की अध्यक्षता की।
इस दौरान उन्होंने 15 अगस्त को होने वाले ध्वजारोहण समारोहों के सभी निर्धारित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बैठक में पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा प्रतिष्ठानों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। वहीं, रियासी जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी डिजिटल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एजेंसियों को यात्रा मार्गों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से चिनाब पुल, अंजी पुल और रेलवे प्रतिष्ठानों जैसे रणनीतिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। आगामी कौसर नाग और बुढ़ा अमरनाथ यात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए टिबरेवाल ने विशेष रूप से जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील इलाकों से सटे यात्रा मार्गों पर सुरक्षाबलों की सक्रिय तैनाती और मार्गों की पूरी तरह सुरक्षा जांच के निर्देश दिए।
अन्य न्यूज़













